
राजस्थान की राजधानी जयपुर में हवामहल सीट से बीजेपी विधायक बालमुकुंद आचार्य एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। रविवार (17 अगस्त) को उन्होंने एक शिक्षण संस्थान के अवॉर्ड फंक्शन में शामिल होकर वंदे मातरम् न बोलने पर नाराजगी जताई। इस दौरान उन्होंने एक मुस्लिम युवक को खड़ा कर उसे वंदे मातरम् बोलने के लिए मजबूर किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना के बाद विधायक को विरोध का सामना करना पड़ रहा है।
‘भारत का खाते हैं, लेकिन देश के खिलाफ…’
कार्यक्रम में भाषण देते हुए बालमुकुंद आचार्य ने कहा, “ऐसी मानसिकता के कुछ लोग होते भारत में रहते हैं। भारत का खाते हैं, लेकिन देश के खिलाफ उगलते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे लोगों का भारत और इसके राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे में विश्वास नहीं है। उनका यह बयान उस युवक पर केंद्रित था, जिसने मंच पर वंदे मातरम् का नारा नहीं लगाया।
मंच से उतरकर युवक तक पहुंचे विधायक
कई बार वंदे मातरम् का नारा लगवाने के बाद बालमुकुंद आचार्य मंच से उतरकर सीधे उस युवक के पास पहुंचे। उन्होंने युवक से अपना परिचय पूछते हुए उसे वंदे मातरम् बोलने के लिए कहा। युवक ने अपना नाम मोहम्मद और मूल स्थान महाराष्ट्र बताया। इस पूरे घटनाक्रम ने कार्यक्रम स्थल पर हलचल मचा दी और कुछ लोग इस कदम से असहमत नजर आए।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और प्रतिक्रियाएं
कार्यक्रम के बाद बालमुकुंद आचार्य का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो के प्रति लोगों की प्रतिक्रियाएं मिश्रित रही। कुछ लोग उनके कदम की तारीफ कर रहे हैं और इसे देशभक्ति मान रहे हैं, जबकि अन्य इसे अनुचित और विवादित बता रहे हैं। आयोजकों को भी इस घटना के कारण कार्यक्रम स्थल पर हंगामा झेलना पड़ा।
