सचिन पायलट का BJP पर ‘तीखा’ हमला, बोले- ‘सदन में सरकार को कटघरे में खड़ा करेंगे’

सचिन पायलट का BJP पर ‘तीखा’ हमला, बोले- ‘सदन में सरकार को कटघरे में खड़ा करेंगे’

राजस्थान विधानसभा का मानसून सत्र 1 सितंबर से शुरू हुआ, लेकिन शुरुआत से ही विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच टकराव देखने को मिला। विपक्ष ने वोट चोरी के मुद्दे को लेकर सदन में जमकर नारेबाजी की, जिसके चलते कार्यवाही को 3 सितंबर तक स्थगित करना पड़ा। इस बीच कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट भी शामिल हुए। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में पायलट ने केंद्र और राज्य सरकार दोनों पर ही जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा से बच रही है। साथ ही पायलट ने साफ किया कि अपशब्द बोलने वाले का कांग्रेस से कोई लेना-देना नहीं है।


पायलट का सरकार की कार्यशैली पर सवाल

सचिन पायलट ने कहा कि चाहे केंद्र की मोदी सरकार हो या राज्य की भजनलाल सरकार, दोनों का रवैया एक जैसा है। ये लोग जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा कि प्रदेश बाढ़ से जूझ रहा है, किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है और आम लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त है। ऐसे में सरकार का कर्तव्य है कि इन गंभीर विषयों पर सदन में सार्थक चर्चा कराए। लेकिन सरकार अपनी जवाबदेही से बच रही है, जिससे जनता में आक्रोश है।


2 साल में काम न करने का आरोप

पायलट ने भजनलाल सरकार पर सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि बीते दो साल में सरकार ने कोई ठोस काम नहीं किया। उनका कहना था कि कांग्रेस सदन में जनता के सवाल उठाएगी और सरकार को कटघरे में खड़ा करेगी। पायलट ने साथ ही उस विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें प्रधानमंत्री की मां के लिए अपशब्द कहे गए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे बयानों से कांग्रेस पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है और पार्टी हमेशा अनुशासन व मर्यादा में विश्वास करती है।


अपशब्दों पर राजनीति बंद हो, विकास पर चर्चा हो

पायलट ने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति मंच से अपशब्द बोलता है तो उस पर कार्रवाई जरूर होनी चाहिए, लेकिन इसे राजनीतिक रंग देना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि विधानसभा जैसे मंच पर विकास, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और अंतरराष्ट्रीय मसलों जैसे मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लंबे समय से गठबंधन की सरकार चला रहे हैं और उन पर भी सवाल उठने चाहिए। पायलट ने कहा कि माता-पिता हर किसी के लिए सम्मानित होते हैं और इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews