अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर, उप निरीक्षक प्रतियोगी परीक्षा के लिए 6 फरवरी तक कर सकेंगे आवेदन में संशोधन, अप्रैल में एग्जाम

परीक्षा का आयोजन दो चरणों में 5 एवं 6 अप्रेल 2026 को किया जाएगा। इसके तहत सामान्य हिंदी के प्रश्न पत्र की परीक्षा प्रातः 11 से दोपहर 1 बजे तक एवं सामान्य ज्ञान व सामान्य विज्ञान के प्रश्न पत्र की परीक्षा दोपहर 3 से सांय 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
Rajasthan Police Sub Inspector

राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली  उप निरीक्षक/ प्लाटून कमांडर (गृह ग्रुप- 1 विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2025 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर हैं, शासन ने उन्हें आवेदन में संशोधन करने का अवसर दिया है।

आयोग के मुताबिक अभ्यर्थी अपने नाम, पिता का नाम, फोटो, जन्म तिथि व जेंडर के अतिरिक्त अन्य संशोधन ऑनलाइन कर सकता है। ऑनलाइन संशोधन 31 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक किए जा सकेंगे। इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

5 एवं 6 अप्रेल 2026 को परीक्षा 

आयोग सचिव ने बताया कि परीक्षा का आयोजन दो चरणों में 5 एवं 6 अप्रेल 2026 को किया जाएगा। इसके तहत सामान्य हिंदी के प्रश्न पत्र की परीक्षा प्रातः 11 से दोपहर 1 बजे तक एवं सामान्य ज्ञान व सामान्य विज्ञान के प्रश्न पत्र की परीक्षा दोपहर 3 से सांय 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।

ऑफलाइन संशोधन स्वीकार नहीं किए जाएंगे

परीक्षा हेतु जारी विज्ञापन में उल्लेखित शर्तों अनुसार ऑनलाइन संशोधन का अवसर अभ्यर्थियों को दिया गया है। ऑनलाइन संशोधन का अवसर अभ्यर्थियों के हितार्थ सुविधा मात्र है। परीक्षा के लिए जारी विज्ञापन में उल्लेखित पात्रता की शर्तों के अनुरूप ही संशोधन मान्य होंगे। विज्ञापन की शर्तें पूर्वानुसार ही रहेंगी। ऑफलाइन संशोधन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

ऑनलाइन संशोधन के लिए शुल्क व प्रक्रिया 

लोक सेवा आयोग के मुताबिक संशोधन चाहने वाले अभ्यर्थी को ई-मित्र/ऑनलाइन बैंकिंग के माध्यम से 500/- रुपये का शुल्क जमा कराना होगा। आयोग के ऑनलाइन पोर्टल https://rpsc.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध एप्लाई ऑनलाइन लिंक अथवा एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर सिटीजन ऐप्स में उपलब्ध रिक्रूटमेंट पोर्टल का चयन कर संबंधित परीक्षा में ऑनलाइन संशोधन किया जा सकेगा। इस संबंध में किसी प्रकार की तकनीकी कठिनाई होने पर recruitmenthelpdesk@rajasthan.gov.in पर ई-मेल से अथवा फोन नं. 9352323625 व 7340557555 पर भी सम्पर्क किया जा सकता है।

 फॉर्म विथड्रॉ करने का भी है मौका 

आयोग ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि असत्य एवं गलत सूचना के आधार पर आवेदन करना तथा अहर्ता न होने पर भी उसे विथड्रॉ नहीं करना भारतीय न्याय संहिता की धारा 217 के तहत दंडनीय अपराध है। ऐसे अभ्यर्थी को कालांतर में काउंसलिंग/पात्रता जांच/ साक्षात्कार के दौरान अपात्र पाए जाने पर आगामी 1 वर्ष की अवधि के लिए भर्ती परीक्षाओं से डिबार भी किया जाएगा।

ऐसे ले सकते हैं फॉर्म वापस 

अतः ऐसे अभ्यर्थी भी 31 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक अपना ऑनलाइन आवेदन विथड्रॉ कर सकते हैं। इसके लिए एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर रिक्रूटमेंट पोर्टल का चयन कर माय रिक्रूटमेंट सेक्शन के अन्तर्गत संबंधित परीक्षा के समक्ष उपलब्ध विथड्रॉ बटन पर क्लिक कर ऑनलाइन आवेदन विथड्रॉ किया जा सकता है।

आयोग के इन नियमों पर भी ध्यान दें अभ्यर्थी 

कार्मिक (क-2) विभाग द्वारा जारी परिपत्र के क्रम में एक वित्तीय वर्ष में आयोजित की गई किन्ही 2 परीक्षाओं में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों की वन टाइम रजिस्ट्रेशन सुविधा ब्लॉक की जायेगी, जिसके तहत् किन्हीं 2 परीक्षाओं में अनुपस्थित रहने पर राशि 750/- रुपये एवं तत्पश्चात् पुनः उसी वित्तीय वर्ष की 2 और परीक्षाओं में अनुपस्थित होने पर राशि 1500/- रुपये के भुगतान उपरांत ही उक्त सुविधा पुनः बहाल की जायेगी। अतः ऐसे अभ्यर्थी भी जो किन्ही कारणों से परीक्षा देने के इच्छुक नहीं हैं उक्त निर्धारित अवधि व प्रक्रिया अनुसार अपना ऑनलाइन आवेदन-पत्र विथड्रॉ कर सकते हैं।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews