Rajasthan Weather: मौसम में बदलाव, 2 दिन इन संभागों में बादल-बारिश का अलर्ट, 27-28 को फिर सक्रिय होगा नया सिस्टम

Rajasthan Weather: आज गुरुवार को बीकानेर, जैसलमेर, फलोदी, चूरू, गंगानगर और हनुमानगढ़ में बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
rajathan weather

पश्चिमी विक्षोभ के असर से 22-23 जनवरी को राजस्थान का मौसम बदला रहेगा। इस दौरान प्रदेश के 5 संभागों में बादल छाने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। साथ ही कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि के भी आसार हैं। हालांकि 24-25 जनवरी से फिर मौसम शुष्क होने लगेगा जिससे ठंड का असर तेज होने का अनुमान है। बुधवार (21 जनवरी 2026) को सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस और करौली में 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजस्थान में 2 दिन बारिश-ओलावृष्टि के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र (IMD), जयपुर की दैनिक रिपोर्ट (22 जनवरी 2026) के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज गुरुवार को जोधपुर, बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली के साथ हल्की-मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। 23 जनवरी (शुक्रवार) को बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र व जयपुर, अजमेर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में भी मेघगर्जन, आकाशीय बिजली के साथ हल्के से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान राज्य के पश्चिमी व उत्तरी भागों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है।

गुरुवार-शुक्रवार को इन जिलों में बारिश का अलर्ट

बीकानेर, जैसलमेर, फलोदी, चूरू, गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, नागौर, जयपुर, दौसा, भरतपुर, अलवर, धौलपुर, गंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, चूरू और सीकर में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

27-28 को सक्रिय होगा एक और नया सिस्टम

24-25 जनवरी को अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री गिरावट होने तथा कहीं-कहीं घना कोहरा दर्ज होने की संभावना है। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। एक और नया पश्चिमी विक्षोभ 27-28 जनवरी को राज्य के उत्तरी व पश्चिमी भागों में सक्रिय होने की संभावना है।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews