जयपुर के सांगानेर क्षेत्र में लंबे समय से प्रतीक्षित एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट एक बार फिर अटक गया है। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने इस परियोजना की निविदा को निरस्त कर दिया है। अब नए सिरे से निविदा जारी की गई है, जिसके चलते काम शुरू होने में और देरी होगी। संभावना है कि मौके पर निर्माण कार्य अगले वर्ष जनवरी के पहले सप्ताह तक ही शुरू हो सकेगा।

सांगानेर एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट फिर अटका

दरअसल, जेडीए ने इस एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट के लिए पहले निविदा आमंत्रित की थी। इस प्रक्रिया में न्यूनतम दर देने वाली फर्म ने अनुमानित लागत से 34.80 प्रतिशत अधिक दरें पेश कीं। जेडीए ने फर्म से दरें घटाने के लिए बातचीत की, लेकिन फर्म ने केवल 0.09 प्रतिशत की मामूली कमी की। बढ़ी हुई दरों को देखते हुए जेडीए ने निविदा को निरस्त कर दिया और नई प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया।

240 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह प्रोजेक्ट सांगानेर क्षेत्र के लिए अहम माना जा रहा है। पिछले बजट में इसकी घोषणा की गई थी। पहले इसकी लागत 170 करोड़ रुपये तय की गई थी, लेकिन मालपुरा गेट तक विस्तार किए जाने के बाद यह बढ़कर 240 करोड़ रुपये हो गई। परियोजना पूरी होने के बाद सांगानेर और आसपास के इलाकों में लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

जनवरी में शुरू होगा काम

नई निविदा प्रक्रिया के तहत प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तिथि 21 नवंबर तय की गई है, जबकि निविदा 27 नवंबर को खोली जाएगी। दिसंबर तक निविदा प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है। जेडीए अधिकारियों का कहना है कि अगर सब कुछ तय समय पर हुआ, तो प्रोजेक्ट का निर्माण जनवरी 2026 से शुरू किया जा सकेगा।

परियोजना के तहत सांगानेर फ्लाईओवर से चौरड़िया पेट्रोल पंप तक चार लेन की एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी। यह दोनों दिशाओं में दो-दो लेन की होगी और पेट्रोल पंप तिराहे पर दो भागों में विभाजित होगी—एक भाग मालपुरा गेट की ओर और दूसरा न्यू सांगानेर रोड रेलवे ओवरब्रिज की ओर निकलेगा। जेडीए के एक्सईएन नरेंद्र अग्रवाल के अनुसार, “रेट अधिक आने के कारण टेंडर निरस्त किया गया है। अब नई निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जनवरी के पहले सप्ताह तक काम शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।”