
राजगढ़, डेस्क रिपोर्ट। लोकतंत्र के यज्ञ में अंतिम आहुति देकर 90 साल की महिला ने अंतिम सांस ली। राजगढ़ ब्यावरा के सुठालिया के वार्ड 3 निवासी महिला छुटिया बाई (उम्र 90 वर्ष) ने अपना वोट डाला और ये उनका अंतिम वोट साबित हुआ। मतदान के बाद घर पहुँचने पर वृद्धा की हार्ट अटैक से मौत हो गई।
राजगढ़ जिले के ब्यावरा में मंगलवार को विधानसभा उपचुनाव के दौरान ब्यावरा विधानसभा में मतदान करने के बाद ग्राम खंदी की एक वृद्धा की घर पहुंचने पर हार्ट अटैक के चलते मौत हो गई। जानकारी के अनुसार वार्ड नगर के वार्ड क्रमांक तीन खंदी ग्राम में निवासरत मथुरालाल सिलावट की पत्नी छुटिया बाई (उम्र करीब 90 वर्ष) जो कि बस स्टेंड के पास स्थित कन्या हाई सेकेंडरी स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र पर शाम 4 बजे के करीब मतदान करने ऑटो से पहुंची थीं। मतदान करने के पश्चात महिला अपने परिजनों के साथ घर पहुंची और घर पहुंचने के कुछ देर बाद महिला को अचानक घबराहट हुई और उन्होने दम तोड़ दिया। कहा जा रहा है कि हार्ट अटेक से उनकी मौत हुई है।
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

