Hindi News

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना विवादों में, राजगढ़ में विधायक पत्नी और बीजेपी नेता के नाम, प्रियव्रत सिंह ने उठाए सवाल

Written by:Shruty Kushwaha
Published:
कांग्रेस नेता ने सूची साझा करते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में असली लाभार्थियों गरीब वरिष्ठ नागरिकों की बजाय भाजपा नेताओं और उनके परिवार के नाम शामिल किए गए हैं। उन्होंने तंज कसा कि प्रशासन की निगाह में शायद यही लोग सबसे गरीब हैं।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना विवादों में, राजगढ़ में विधायक पत्नी और बीजेपी नेता के नाम, प्रियव्रत सिंह ने उठाए सवाल

Mukhyamantri Teerth Darshan Yojana

राजगढ़ जिले में ‘मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना’ के तहत चयनित लाभार्थियों की सूची में भाजपा नेताओं और उनके परिवारों के नाम शामिल होने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष और पूर्व ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह ने आरोप लगाया है कि यह योजना गरीबों के लिए बनाई गई थी, लेकिन भाजपा नेताओं और उनकी पत्नियों के नाम सूची में शामिल किए गए हैं।

प्रियव्रत सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि ‘मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना’ में राजगढ़ ज़िले से चयनित सूची में गरीब जनता की जगह बीजेपी के नेताओं और उनकी पत्नियों के नाम जोड़े हैं। प्रशासन की निगाह में शायद यह लोग सबसे गरीब हैं। मजे की बात यह है कि यह पहले भी यात्रा कर चुके हैं’।

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को लेकर विवाद

मध्य प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थ यात्रा के लिए सहायता प्रदान करती है। लेकिन राजगढ़ जिले में ये विवादों के घेरे में आ गई है। कांग्रेस नेता प्रियव्रत सिंह ने सोशल मीडिया पर सूची जारी करते हुए आरोप लगाया है कि योजना की लाभार्थी सूची में गरीबों की जगह भाजपा नेताओं और उनके परिजनों के नाम शामिल किए गए हैं। विशेष रूप से खिलचीपुर से भाजपा विधायक हजारीलाल दांगी की पत्नी ज्योत्सना दांगी और सरदार बाई दांगी के साथ भाजपा की पूर्व जिला उपाध्यक्ष इंद्रा मूंदड़ा का नाम सूची में होने पर सवाल उठाए गए हैं।

कांग्रेस नेता ने शेयर की लिस्ट

प्रियव्रत सिंह ने यह भी कहा कि विधायक हजारीलाल दांगी स्वयं आयकरदाता हैं तो उनकी पत्नी का नाम योजना में शामिल करना कितना उचित है। बता दें कि राजगढ़ से असम के कामाख्या देवी मंदिर के लिए विशेष ट्रेन निकली है। इस ट्रेन के यात्रियों की सूची में ज्योत्सना दांगी और सरदार बाई दांगी के नाम भी शामिल हैं। ये दोनों खिलचीपुर से भाजपा विधायक हजारीलाल दांगी की पत्नियां हैं। वहीं, इंद्रा मूंदड़ा भाजपा की जिला उपाध्यक्ष रही हैं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha
Follow Us :GoogleNews