
रतलाम, डेस्क रिपोर्ट। रतलाम (Ratlam) में जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) की एक छात्रा के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। दसवीं क्लास में पढ़ने वाली 15 साल की छात्रा ने हॉस्टल में जहर खाकर अपनी जान दे दी। दिवाली की छुट्टी के बाद वह हॉस्टल पहुंची थी और आज से एग्जाम भी शुरू हो गए थे। छात्रा के जहर खाने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
15 वर्षीय छात्रा सैलाना के कलवानी सरवन की आने वाली बताई जा रही है। जो जवाहर नवोदय विद्यालय की हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। कालूखेड़ा में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय की हॉस्टल में छात्रा ने जहर खा लिया। घटना के तुरंत बाद उसे जावरा अस्पताल पहुंचाया गया और परिजनों को सूचित किया गया। परिजन उसे रतलाम के प्राइवेट अस्पताल में लेकर पहुंचे जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
Must Read- Mandi Bhav: इंदौर में आज मूंग के दाम में गिरावट, देखें 3 नवंबर 2022 का मंडी भाव
जानकारी के मुताबिक 27 अक्टूबर को छात्रा अपने घर से वापस विद्यालय लौटी थी। कुछ दिन अपने दोस्तों के साथ आराम से रहने के बाद उसने अचानक ही जहर खा लिया। उसे घबराहट होने लगी तो उसने अपनी सहेलियों को जगाया और यह सामने आया कि उसने जहर खा लिया है। इसके बाद सहेलियों ने इस बात की सूचना वॉर्डन को दी आनन-फानन में छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
छात्रा के पास से किसी भी तरह का सुसाइड नोट बरामद नहीं किया गया है और पुलिस लगातार स्कूल प्रबंधन, हॉस्टल मैनेजमेंट और छात्रा के सहपाठियों से पूछताछ कर जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। 15 साल की छात्रा द्वारा उठाया गया आत्महत्या का कदम हर किसी के लिए हैरान कर देने वाला है और किसी को भी यह समझ नहीं आ रहा है कि आखिरकार छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

