17 वर्षीय छात्रा ने कीटनाशक पीकर दी जान, सहेली की मौत का लगा था सदमा

mp news

Ratlam News: कुछ दिनों पहले रतलाम में कन्या शिक्षा स्कूल की हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा ने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी थी, जिसके चलते उसकी मौत हो गई थी। अब इस छात्रा की मौत से परेशान उसकी सहेली ने भी अपने जीवन लीला समाप्त कर ली है। अपनी सहेली की मौत के बाद से ही युवती बहुत परेशान थी और परिजन उसे अपने घर बांसवाड़ा ले गए थे।

जानकारी के मुताबिक राजस्थान के बांसवाड़ा में रहने वाली यह युवती 11वीं की पढ़ाई कर रही थी। उसने अपनी सहेली को छत से कूदकर जान देते हुए देखा था जिसके चलते यह सदमे में थी। अचानक ही इसने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। परिजन गंभीर हालत में इसे अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

परिजनों का क्या कहना

युवती के परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि अपनी सहेली की मौत के बाद से ही वह सदमे में थी। घटना के बाद पुलिस ने अन्य छात्राओं के साथ उसके भी बयान लिए थे। युवती ने बताया था कि घटना वाले दिन जब कृष्णा उसे हॉस्टल में नहीं दिखी तो उसने अन्य छात्राओं से जानकारी ली। सभी ने बताया कि वह छत पर है जिसके बाद युवती छत पर पहुंची, वह सोलर पैनल के पास पहुंची थी इतने में कृष्णा ने छलांग लगा दी। इसके बाद अगले ही दिन वह छुट्टी पर चली गई थी और पिता उसे हॉस्टल से घर लेकर गए थे। यहां पर वह खाना नहीं खा रही थी और हमेशा अपनी सहेली कृष्णा को याद करती रहती थी। दिमाग में इतना गहरा सदमा लगा था कि वह नींद में भी कृष्णा का नाम लेती थी।

आत्महत्या का कदम उठाने वाली युवती ने घरवालों को यह भी बताया कि कृष्णा उसे बार-बार कूदते हुए दिख रही है और वह इस बात को अपने दिमाग से नहीं निकाल पा रही है। हर बार युवती बस यही कहती थी कि कृष्णा तूने ऐसा क्यों कर लिया। घरवालों ने यह भी बताया कि उनकी बेटी और कृष्णा एक-दूसरे की बहुत अच्छी दोस्त थी इन दोनों की आपस में बहुत पटती थी।

ये था मामला

कन्या शिक्षा आवासीय परिसर में रहने वाली 14 वर्षीय कृष्णा डामर नामक छात्रा ने हॉस्टल की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इस मामले में हॉस्टल मैनेजमेंट ने बताया था कि वह टेस्ट में चीटिंग करते हुए पकड़ी गई थी। इसी के चलते परेशान होकर उसने आत्महत्या का कदम उठाया। वहीं घटना को लेकर छात्रा के पिता का कहना था कि उनकी बेटी पढ़ने में बहुत होशियार थी और वह चीटिंग नहीं कर सकती है। उन्होंने यह भी कहा था कि इतनी ऊंचाई से गिरने के बावजूद भी बेटी को कोई गंभीर चोट नहीं आई है, हॉस्टल प्रबंधन कुछ ना कुछ बात छुपाने की कोशिश कर रहा है।

वार्डन को हटाया

जिस हॉस्टल में घटना हुई वहां पर 6वीं से लेकर 9वीं तक की छात्राएं रहती हैं। हॉस्टल की जिम्मेदारी वार्डन सीमा कनेरिया के पास थी। लेकिन हादसे के वक्त वह हॉस्टल में मौजूद नहीं थी उनका कहना था कि वह किसी काम के सिलसिले में बाहर गई हुई थी। हालांकि, इस घटना के बाद वार्डन को पद से हटा दिया गया था और अब वह उसी स्कूल में बच्चों को पढ़ाने का काम कर रही हैं। दूसरी वार्डन सुनीता हारी को अब छात्रावास का जिम्मा दिया गया है।

अन्य छात्राओं के बयान

कृष्णा की मौत के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच पड़ताल करते हुए सभी से बात की थी। इस मामले को लेकर छात्रा की सहेलियों और वहां रहने वाली अन्य छात्राओं का कहना था कि कृष्णा ने छत से कूद कर अपनी जान दी है। उन्होंने यह भी बताया था कि वह चीटिंग करते हुए पकड़ी गई थी और इस बात की चर्चा हर जगह हो रही थी।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews