झाड़फूंक करने वाले बाबा ने 23 लोगों को किया संक्रमित,रतलाम में 85 पहुंचा आंकड़ा

झाड़फूंक करने वाले बाबा ने 23 लोगों को किया संक्रमित,रतलाम में 85 पहुंचा आंकड़ा

रतलाम/सुशील खरे

रतलाम में मंगलवार को मिले पॉजिटिव 13 लोग नयापुरा के झाड़-फूंक करने वाले बाबा के संपर्क में आने वाले हैं। बाबा की 4 जून को कोराेना से मौत हो गई थी जिसके बाद उनके संपर्क में आने वालों के सैंपल लिए थे। इससे पहले 3 जून को एक महिला व 8 जून को भी 6 अन्य लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव थी और ये भी बाबा के संपर्क में आए थे। ऐसे में अब तक नयापुरा के बाबा के संपर्क में आए 23 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इधर, रिपोर्ट में पीएंडटी कॉलोनी के दो लोग भी पॉजिटिव मिले हैं। पीएंडटी कॉलोनी व नाहरपुरा में यह पहला मौका है जब यहां दो-दो पॉजिटिव मिले हैं। नयापुरा से 13 पॉजिटिव निकले, 2-2 रोगी नाहरपुरा व पीएंडटी कॉलोनी के हैं।

मंगलवार देर रात मेडिकल कॉलेज से मिली रिपोर्ट कोरोना विस्फोट के तौर पर सामने आई और इसमें सर्वाधिक 24 केस पॉजिटिव निकले हैं। इसमें 13 पुरुष व 11 महिलाएं हैं। 17 केस रतलाम के तो 7 केस जावरा के हैं। जिले में कुल पॉजिटिव 85 हो गए हैं। इसमें से 23 वे लोग है जो बाबा से संक्रमित हुए हैं। रतलाम में अब एक्टिव केस 46 हो चुके हैं। 22 मरीज पहले से ही मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। वहीं, 35 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। इस तरह जिले के 85 संक्रमितों में से अब तक 23 संक्रमित नयापुरा कंटेनमेंट से सामने आए हैं। यानी 27 फीसदी मरीज सिर्फ इसी इलाके के हैं।

मंगलवार को प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 29 बाबाओं को क्वारेंटाइन किया है। 4 जून को नयापुरा में एक बुजुर्ग की कोरोना से मौत हो गई थी। क्षेत्र में एक दिन पहले एक गर्भवती भी पॉजिटिव मिली थी। पीएंडटी कॉलोनी में महिला के अस्पताल से संक्रमित होने की आशंका है। मंगलवार को 200 लोगों की रिपोर्ट सामने आई, जिसमें 24 पॉजिटिव व 176 निगेटिव निकले। नोडल अधिकारी डॉ. प्रमोद प्रजापति ने बताया कि संक्रमण का पता चल सका, यह बड़ी बात है। सभी संक्रमितों की कांटेक्ट ट्रेसिंग करेंगे। एक भी संक्रमित हुआ तो कई को खतरा हो सकता है। इनका कहना है  कि ऐसे बाबाओं से खतरा क्योंकि ये झाड़ फूंक करते हैं, व फूंका हुआ पानी आदि भी लोगों को देते हैं। ऐसे में यदि एक भी बाबा संक्रमित हुआ तो बड़ा खतरा हो सकता है। अभी इन्हें क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया है। लक्षण दिखने पर इनके सैंपल लिए जाएंगे।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews