रतलाम, सुशील खरे। जिले के जावरा नगर में लक्ष्मी बाई मार्ग पर गुरेल वाली मस्जिद के समीप एक व्यापारी के पुराने मकान को गिराने के दौरान पास वाले मकान का छज्जा गिर गया। इस दुखद दुर्घटना में दो भाई-बहनों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
मकान का छज्जा गिरा। दर्दनाक हादसे में दो की मौत, सीसीटीवी में कैद हुई घटना pic.twitter.com/HXzRqkp1Uz
— MP Breaking News (@mpbreakingnews) February 25, 2021
पुलिस के अनुसार छज्जे के मलबे में दबने से 25 वर्षीय मंजूबाई उसके छोटे भाई 19 वर्षीय पंकज पारगी की मौत हो गई। वहीं हादसे में मंजू बाई की 4 वर्षीय बेटी पिंका तथा 1 वर्षीय बेटी शिवानी घायल हो गई। दोनों बच्चियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह 11.30 बजे इलेक्ट्रॉनिक सामान के विक्रेता धनसुख लाल चोड़रिया के पुराने मकान को तोड़ने का काम किया जा रहा था। तभी पास में ही स्थित उनके दूसरे मकान का छज्जा अचानक गिर गया। छज्जा गिरने से उसके नीचे काम कर रही मंजूबाई व उसका भाई पंकज और उसकी दोनों बच्चियां मलबे की चपेट में आ गई। इससे मंजू बाई की मौके पर ही मलबे में दबने से मौत हो गई। पंकज, शिवानी और पिंका को मलबे से निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया। लेकिन जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में पंकज ने दम तोड़ दिया।
मंजुबाई के पति दिनेश ने मीडिया को बताया कि वे पांच-छह दिन से उक्त मकान का मलबा ट्रैक्टर में भरने का कार्य कर रहे थे। घटना के समय वह तगारी भरकर ट्रैक्टर ट्राली में डाल रहे थे व मंजू बाई मलबा तगारी में भरने का काम कर रही थी। बच्चे पास में बैठे हुए थे, तभी अचानक छज्जा गिरने से हादसा हो गया। ये घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसमें साफ दिख रहा है कि कैसे छज्जा गिरने से महिला उसकी चपेट में आ गई।
पुलिस ने दिया हादसे का विवरण pic.twitter.com/2Sk8475ySH
— MP Breaking News (@mpbreakingnews) February 25, 2021






