रतलाम बाल चिकित्सालय से बदमाशों ने चुराई ऑक्सीजन लाइन, टला बड़ा हादसा

रतलाम बाल चिकित्सालय से बदमाशों ने चुराई ऑक्सीजन लाइन, टला बड़ा हादसा

Ratlam News: मध्य प्रदेश (MP) के रतलाम से ऐसी घटना सामने आई है जो हैरान कर देने वाली है। यहां पर बाल चिकित्सालय (Ratlam Children Hospital) के परिसर में लगी ऑक्सीजन लाइन को चुराने की घटना को अंजाम दिया गया है। गनीमत यह रही कि जब यह वारदात हुई उस समय कोई भी व्यक्ति वेंटिलेटर पर नहीं था वरना किसी की भी जान जा सकती थी।

चोरों ने बाल चिकित्सालय के प्राइवेट वार्ड की ऑक्सीजन पाइप लाइन से कॉपर का पाइप चुरा लिया है। यह पाइपलाइन ऑक्सीजन प्लांट से आईसीयू और एमसीएच में नवजात शिशु गहन चिकित्सा वार्ड में जाती है। अगर इनसे जुड़ी जगह पर पाइप लाइन काटी गई होती तो बड़ा हादसा हो जाता क्योंकि उस समय शिशु चिकित्सा इकाई में 5 से 6 बच्चे भर्ती थे।

घटना की जानकारी सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग के अमले में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों द्वारा इस मामले की शिकायत पुलिस को भी को गई है। सिविल सर्जन डॉ आनंद चंदेलकर ने स्टेशन रोड पुलिस थाने में मामले की शिकायत दर्ज करवाई है। जिला अस्पताल और बाल चिकित्सालय में आए दिन ही बदमाशों द्वारा छोटी-छोटी चोरी की जाती है। कभी यहां से कुछ सामान गायब हो जाता है तो कभी नलों की टोटियां चुरा ली जाती है। चोरी की इस वारदात को आसपास घूमने वाले नशेड़ी प्रवृत्ति के लोग ही अंजाम देते हैं।

ऐसे लगी घटना की जानकारी

घटना की जानकारी उस समय लगी जब हर रोज की तरह बायोमेडिकल इंजीनियर अनमोल चेकिंग करने के लिए पहुंचे। मौके पर उन्होंने देखा कि लगभग 10 फीट का कॉपर पाइप काटकर चुरा लिया गया है। उनका कहना है कि चोर ने यह लाइन काटी होगी लेकिन ऑक्सीजन की आवाज आने पर वह मौके से भाग निकला नहीं तो वह ज्यादा नुकसान कर सकता था।

पुलिस से निवेदन

इस तरह से ऑक्सीजन पाइपलाइन का पाइप चुरा लिए जाने की घटना से लोगों की चिंता बढ़ गई है। जिला रोगी कल्याण समिति की ओर से जिला अस्पताल और पुलिस प्रशासन से निवेदन करते हुए कहा गया है कि पाइपलाइन की चोरी की घटना को गंभीरता से लिया जाए। अपराधी को पकड़ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए क्योंकि जरा सी गलती से छोटे बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती थी। अपराधी के खिलाफ अगर सख्त कार्रवाई होगी तो भविष्य में इस तरह की घटना का भय नहीं रहेगा।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews