रतलाम में रेलवे ट्रैक पर खड़ी कार से टकराई ट्रेन, लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

रतलाम में बंजली बायपास रेलवे फाटक पर बंद ट्रैक पर खड़ी कार से वलसाड-हिसार एक्सप्रेस टकरा गई। लोको पायलट की सूझबूझ और कार सवार युवक की समय पर फुर्ती से बड़ा हादसा टल गया। रेलवे ने जांच शुरू कर दी है।
रतलाम में रेलवे ट्रैक पर खड़ी कार से टकराई ट्रेन, लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। रतलाम में बंजली बायपास के पास स्थित रेलवे फाटक नंबर 192 पर गुरुवार देर रात करीब 10:30 बजे एक बड़ा रेल हादसा होते-होते बाल-बाल बच गया। वलसाड से हिसार जा रही ट्रेन नंबर 04728 अचानक रेलवे ट्रैक पर बंद फाटक के बीच खड़ी एक कार से जा टकराई।

बंद रेलवे फाटक के बीच फंसी थी कार

दरअसल जानकारी के मुताबिक घटना के वक्त कार बंजली बायपास स्थित बंद रेलवे फाटक के बीच अचानक ट्रैक पर खड़ी हो गई थी। कार चालक कुछ समझ पाता उससे पहले ही जावरा की तरफ बेहद तेजी से बढ़ रही वलसाड-हिसार एक्सप्रेस ट्रेन वहां पहुंच गई। रेलवे ट्रैक पर अचानक कार खड़ी देखकर ट्रेन के ड्राइवर ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए और ट्रेन की गति धीमी कर दी जिससे कोई बड़ा जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।

लोको पायलट की सूझबूझ और युवक की फुर्ती से बची जान

अगर लोको पायलट ने समय रहते ट्रेन की स्पीड कम न की होती, तो यह एक बेहद भयावह हादसा बन सकता था। इसके साथ ही कार में सवार युवक ने भी जरा सी भी देरी न करते हुए फौरन गाड़ी का दरवाजा खोला और बाहर निकल भागा। अगर वह एक सेकंड भी रुकता तो कोई अनहोनी हो सकती थी। घटना के बाद आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया और भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी

हादसे की खबर जैसे ही रेलवे नियंत्रण कक्ष को मिली, रेल मंडल के तमाम वरिष्ठ अधिकारी फौरन हरकत में आ गए और टीम के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और क्षतिग्रस्त कार को रेलवे ट्रैक से हटवाकर ट्रेन आवागमन को दोबारा सामान्य कराया। इस दौरान ट्रेन भी कुछ देर के लिए मौके पर रुकी रही।

रेलवे प्रशासन ने दिए मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश

घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच कराने का फैसला किया है। जांच में इस बात का पता लगाया जाएगा कि आखिर बंद फाटक के अंदर कार कैसे दाखिल हुई और क्या वहां गेटमैन या किसी अन्य स्तर पर कोई लापरवाही हुई थी। पुलिस और रेलवे की टीम फिलहाल कार चालक से भी पूछताछ कर रही है ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews
रतलाम में रेलवे ट्रैक पर खड़ी कार से टकराई ट्रेन, लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा