रतलाम में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां के बाजना थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई है जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। घायल का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
यह घटना ग्राम देवली में हुई। जहां रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक ने वाहन को मौके पर ही छोड़ दिया और भाग निकला। इस हादसे में घायल हुए युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें
पाटन की तरफ से आ रहे थे बाइक सवार
जानकारी के मुताबिक कालिया कुंडली के रहने वाले रितेश डामोर अपने साथी जितेंद्र निवासी हलकारा के साथ बाइक पर सवार होकर पाटन की तरफ से आ रहे थे। इस दौरान बाजना की तरफ से तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मारी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों की पहचान कर परिजनों को सूचना दी।
जब परिजन मौके पर पहुंचे तो रितेश के सीने, सिर, नाक और कान में गंभीर चोट लगी हुई थी। चोट के चलते ज्यादा खून बहने की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जितेंद्र गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला है। हादसे के बाद दोनों को बाजना अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रितेश को मृत घोषित कर दिया। गुरुवार को रितेश का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। वहीं प्राथमिक उपचार देने के बाद जितेंद्र को गंभीर हालत में रतलाम रेफर किया गया है।
वाहन चालक की चल रही तलाश
इस घटना के बाद मृतक के पिता ने बजाना थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने फरार वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मौके पर मिले वाहन के बारे में जानकारी निकाली जा रही है और पता किया जा रहा है कि चालक कौन था। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी पुलिस को बताया कि वाहन चालक रॉन्ग साइड से तेज गति से आ रहा था। इसी की वजह से हादसा हुआ है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
