
मोदी सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशभोगियों के महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में जुलाई 2026 से 3 प्रतिशत की वृद्धि की है, जिसके बाद डीए/डीआर की दर 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गई है। केंद्र के फैसले के बाद अब मध्यप्रदेश के 12 लाख सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को भी दिवाली से पहले महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 5 प्रतिशत बढ़ोतरी की उम्मीद है।
तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ और पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने भी राज्य की मोहन सरकार से केंद्र की घोषित तिथि से महंगाई भत्ता और राहत राशि बढ़ाने की मांग की है। वर्तमान में प्रदेश के कर्मचारियों को 58 प्रतिशत डीए और पेंशनर्स को 58 प्रतिशत डीआर का लाभ मिल रहा है, अगर 5 प्रतिशत (जनवरी 2026 से 2 प्रतिशत और जुलाई से 3 प्रतिशत ) और वृद्धि होती है तो दरें केंद्र के समान 63 प्रतिशत हो जाएगी। वहीं एरियर का भी लाभ मिलेगा। हालांकि सरकार की तरफ से इस संबंध में अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है ना ही आधिकारिक पुष्टि की गई है।
बता दें कि इससे पहले मार्च 2026 में होली पर मोहन सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनर्स का जुलाई 2025 से महंगाई भत्ता 3 प्रतिशत बढ़ाया था जिसके बाद महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़कर अब 58 प्रतिशत हो गया था। जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक के एरियर की राशि 6 समान किश्तों में भुगतान करने का निर्णय लिया गया था। इसके अलावा छठवें वेतनमान में वेतन प्राप्त कर रहे सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में भी वृद्धि की गई थी। उनका महंगाई भत्ता 252 प्रतिशत से बढ़ाकर 257 प्रतिशत कर दिया गया है। यह 1 जुलाई 2025 से प्रभावशील होगा।

