
मध्य प्रदेश के मैहर में एक सड़क हादसा देखने को मिला। यहां हैदराबाद से बनारस जा रही स्लीपर बस अचानक से जिले के अमदेरा थाना क्षेत्र में पलट गई। बस पलटने से इसके अंदर सवाल यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। गनीमत ये रहीं कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।
जानकारी के मुताबिक बनारस के लिए जा रही इस बस में 35 यात्री सवार थे। जैसे ही बस पलटी इसमें बैठे यात्री घबरा गए। हालांकि हादसे में किसी भी यात्री को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है। दो यात्रियों को मामूली चोट आई है और बाकी सभी सुरक्षित हैं।
ब्रेक लगाने से पलटी बस
मैहर में यह हादसा घुनवारा के पास गोरइयाकला स्थित पूजा पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ है। सुबह तकरीबन 7:30 बजे बस यहां से गुजर रही थी। सामने से एक बड़ा वाहन आया तो चालक ने अचानक से ब्रेक लगा दिया। जैसे ही बस का ब्रेक लगा वह फिसल कर सड़क पर पलटी खा गई।

राहगीरों और स्थानीयों ने की मदद
बस के पलटते ही स्थानीय लोगों और वहां से गुजर रहे राहगीरों ने फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला। घटना के संबंध में पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी लगने के बाद अमदरा थाना पुलिस और NHAI की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी यात्रियों को सुरक्षित जगह पर बैठाया। इसके बाद खेरवासानी टोल से 1033 एम्बुलेंस लेकर पेट्रोलिंग टीम अजीत झा और पंकज चौधरी मौके पर पहुंचे और घटना में घायल हुए दो लोगों को प्राथमिक उपचार दिया।

सभी यात्री सुरक्षित, जांच जारी
इस घटना के संबंध में बस कंडक्टर रातीफ खान निवासी जैसलमेर राजस्थान ने बताया कि सामने से अचानक बड़ा वाहन आने पर ब्रेक लगाना पड़ा। इसी वजह से बस फिसलकर पलट गई। पुलिस ने अन्य यात्रियों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली है। हादसे के कारणों की जांच पड़ताल की जा रही है।

