WPL 2027 के ऑक्शन के बाद किस टीम में कितना दम? यूपी की ताकत ऑलराउंडर्स, RCB के सामने मिडिल ऑर्डर की चुनौती

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2027 के ऑक्शन में पांचों टीमों ने अपनी जरूरत के हिसाब से खिलाड़ियों को चुना है। यूपी वॉरियर्ज ने 6 ऑलराउंडर्स को स्क्वॉड में शामिल किया जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपनी चैंपियन टीम के मुख्य खिलाड़ियों को बरकरार रखते हुए नए विकल्प जोड़े।
WPL 2027 के ऑक्शन के बाद किस टीम में कितना दम? यूपी की ताकत ऑलराउंडर्स, RCB के सामने मिडिल ऑर्डर की चुनौती

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2027 के ऑक्शन के बाद अब पांचों टीमों की तस्वीर साफ हो गई है। यूपी वॉरियर्ज ने 6 ऑलराउंडर्स को खरीदकर अपनी टीम में नए विकल्प जोड़े, RCB ने चैंपियन खिलाड़ियों के कोर को मजबूत किया जबकि मुंबई इंडियंस ने भारतीय खिलाड़ियों पर दांव लगाया। दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात जायंट्स ने भी अपनी जरूरत के हिसाब से खिलाड़ी चुने।

दरअसल WPL 2027 के ऑक्शन में पांचों फ्रेंचाइजी के पास कुल 27 स्लॉट खाली थे। इनमें से 25 स्लॉट भर गए, जबकि RCB और दिल्ली कैपिटल्स के पास एक-एक जगह खाली रह गई। दोनों टीमों के पर्स में सिर्फ 5-5 लाख रुपये बचे हैं जबकि खिलाड़ियों की न्यूनतम बेस प्राइस 10 लाख रुपये है।

यूपी वॉरियर्ज और RCB की टीम में क्या है खास?

वहीं 2026 सीजन में पॉइंट्स टेबल में आखिरी स्थान पर रही यूपी वॉरियर्ज ने ऑक्शन में सोफी मोलिन्यू पर सबसे ज्यादा 1.10 करोड़ रुपये खर्च किए। इसके अलावा ग्रेस हैरिस, स्नेह राणा, आशा शोभना और सुषमा वर्मा को 30-30 लाख रुपये में खरीदा। टीम की ताकत उसके बल्लेबाजी क्रम और ऑलराउंडर्स में है। मेग लैनिंग, फीबी लिचफील्ड, हरलीन देओल और प्रतीका रावल जैसे बल्लेबाज टॉप ऑर्डर को मजबूती देते हैं। दीप्ति शर्मा और स्नेह राणा बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में भी योगदान दे सकती हैं।

दरअसल यूपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती विदेशी खिलाड़ियों का सही चुनाव करना होगा। टीम के पास कई विदेशी विकल्प हैं लेकिन सामान्य नियम के तहत प्लेइंग-XI में चार विदेशी खिलाड़ी ही खेल सकते हैं। एसोसिएट देश के खिलाड़ी से जुड़े नियम लागू होने पर पांच विदेशी खिलाड़ियों को उतारने का विकल्प मिल सकता है।

RCB ने जेस जोनासन को 40 लाख रुपये ख़रीदा

वहीं दूसरी ओर डिफेंडिंग चैंपियन RCB ने जेस जोनासन को 40 लाख रुपये, तेजल हसबनिस और क्लो ट्रायन को 30-30 लाख रुपये और वृंदा दिनेश को 10 लाख रुपये में खरीदा। स्मृति मंधाना, एलिस पेरी, जॉर्जिया वोल और ऋचा घोष जैसे खिलाड़ी टीम की बल्लेबाजी को मजबूती देते हैं। गेंदबाजी में लॉरेन बेल, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल, पूजा वस्त्राकर और अरुंधति रेड्डी जैसे विकल्प हैं। हालांकि, मिडिल ऑर्डर में तेजल और वृंदा को अपनी भूमिका निभानी होगी। शुरुआती विकेट गिरने पर पारी संभालना और आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाना टीम के लिए अहम रहेगा।

दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात जायंट्स पर नजर डालिए

दिल्ली कैपिटल्स ने भारतीय बल्लेबाज किरण नवगिरे को 75 लाख रुपये में खरीदा, जो ऑक्शन में सबसे महंगी भारतीय खिलाड़ी रहीं। टीम ने उमा काशवी, स्कॉटलैंड की कर्स्टी गॉर्डन और नाजमा खान को भी 10-10 लाख रुपये में शामिल किया। शेफाली वर्मा, लौरा वोल्वार्ट और जेमिमा रोड्रिग्स के साथ किरण के आने से बल्लेबाजी में आक्रामक विकल्प बढ़ा है। मारिजाने कैप, एनाबेल सदरलैंड और चिनेल हेनरी बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दे सकती हैं। हालांकि, दिल्ली को बड़े मैचों में दबाव संभालने और खिलाड़ियों की भूमिकाएं तय करने पर ध्यान देना होगा। विकेटकीपिंग के लिए ममता मडिवाला का विकल्प भी टीम के चयन में अहम रहेगा।

गुजरात जायंट्स ने ऑक्शन में जी कमालिनी को 40 लाख रुपये, आयरलैंड की ऑलराउंडर ऑर्ला प्रेंडरगास्ट को 30 लाख रुपये और 16 साल की समायरा राघव को 10 लाख रुपये में खरीदा। टीम ने इन तीन खिलाड़ियों पर कुल 80 लाख रुपये खर्च किए। बेथ मूनी, एश्ले गार्डनर और सोफी डिवाइन जैसे अनुभवी खिलाड़ी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान दे सकते हैं। मूनी विकेटकीपिंग का विकल्प भी हैं, जबकि जॉर्जिया वेयरहैम स्पिन गेंदबाजी और बल्लेबाजी में उपयोगी साबित हो सकती हैं। भारतीय गेंदबाजी में रेणुका सिंह ठाकुर, काश्वी गौतम, राजेश्वरी गायकवाड़ और तनुजा कंवर जैसे नाम हैं। गुजरात के लिए जरूरी होगा कि शुरुआती विकेट गिरने की स्थिति में मध्यक्रम जिम्मेदारी संभाले और टीम की बल्लेबाजी सिर्फ कुछ प्रमुख खिलाड़ियों पर निर्भर न रहे।

मुंबई इंडियंस के मिडिल ऑर्डर पर नजर

मुंबई इंडियंस ने ऑक्शन में छह भारतीय खिलाड़ियों को खरीदा। श्वेता सहरावत को 20 लाख रुपये में शामिल किया गया, जबकि दिशा कासट, लतिका इनामदार, भारती रावल, सानिका चालके और अक्षिता भगत को 10-10 लाख रुपये में टीम में जगह मिली। इससे मुंबई के पास भारतीय खिलाड़ियों के ज्यादा विकल्प हो गए हैं। टीम की मुख्य ताकत नैट साइवर-ब्रंट, हेली मैथ्यूज और अमेलिया केर जैसी ऑलराउंडर्स हैं, जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान दे सकती हैं। हरमनप्रीत कौर मध्यक्रम की अहम खिलाड़ी हैं, जबकि शबनिम इस्माइल तेज गेंदबाजी में अनुभव लाती हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews