नशे के खिलाफ रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करीब 6.70 लाख रुपये की एमडी ड्रग्स के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

रतलाम के जावरा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुये 67.58 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि एक आरोपी फरार है। जब्त की गई एमडी ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 6.70 लाख रुपये बताई गई है।
Ratlam News

रतलाम: मध्यप्रदेश में नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इस बीच, रतलाम में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जावरा शहर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जावरा में 67.58 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त कर तीन आरोपियों को दबोचा है। वहीं मामले में एक आरोपी फरार है।

बता दें कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस को अपने मुखबिर से एमडी ड्रग्स तस्करी की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस सक्रिय हो गई और आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम बनाई। पुलिस की टीम ने सूचना के आधार पर तस्करों की घेराबंदी की गई।

67.58 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद

इसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। जब आरोपियों की तलाशी ली गई तो पुलिस को उनके पास से 67.58 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। इसके साथ ही पुलिस ने एक काले रंग की कार भी जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त होने के बाद उनसे मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और सप्लाई के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

पुलिस ने मामले में लक्की मंडलोई उम्र 23 वर्ष निवासी मनावर, अरबाज उम्र 23 वर्ष निवासी खरगोन तथा दानिश गौरी उम्र 32 वर्ष निवासी मनावर को गिरफ्तार किया। वहीं, वसीम चौकड़ी निवासी रतलामी गेट, जावरा को फरार आरोपी बताया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

एमडी ड्रग्स समेत 13.70 लाख का माल जब्त

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 67.58 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई है। जिसकी कीमत करीब 6 लाख 70 हजार रुपये है। इसके अलावा करीब 7 लाख रुपये कीमत की रेनॉल्ट काइगर कार भी जब्त की गई। जब्त मादक पदार्थ और वाहन की कुल कीमत करीब 13 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews