MP Breaking News

रतलाम में 3 युवकों पर लाठी और पत्थरों से हमला, 2 की मौत 1 घायल, जांच में जुटी पुलिस

रतलाम के सैलाना थाना क्षेत्र में 3 युवकों पर लाठी डंडे और पत्थर बरसाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Ratlam

रतलाम के सैलाना थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, यहां बुधवार को भैरुघाटा के पास तीन युवकों पर कुछ लोगों ने लाठी डंडे और पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में दो युवकों की मौत हो गई है और एक गंभीर रूप से घायल हो गया है।

घटना में गंभीर रूप से घायल हुए युवक का कहना है कि उन पर हमला किया गया है। वहीं दूसरी तरफ पुलिस का कहना है कि बाइक का संतुलन बिगड़ने की वजह से हादसा हुआ। जिसकी वजह से दो लोगों की मौत हुई है। घटना की सूचना सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस भी पूरे मामले की जांच कर रही है।

दोस्त की मंगेतर से मिलने गए थे

घायल युवक द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक 18 वर्षीय रमेश अपने दोस्त गोपाल और करण के साथ अपनी मंगेतर से मिलने के लिए दैलतपुरा गया था। मुलाकात के बाद तीनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। यह लोग भैरूघाटा के पास पहुंचे तब कुछ बदमाशों ने इनपर अचानक पथराव शुरू कर दिया। युवकों ने बाइक की रफ्तार बढ़ाकर वहां से खुद को बचाकर निकालने की कोशिश की लेकिन कुछ दूरी पर लोगों ने उन्हें रोक लिया। उन पर लाठी डंडों से हमला कर दिया गया, जिसमें तीनों घायल हो गए। करण जैसे तैसे अपनी जान बचाकर कुछ दूर पहुंचा और डायल 112 को सूचना दी।

दो की मौत एक गंभीर घायल

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सैलाना पहुंचाने की व्यवस्था की गई। इस दौरान रमेश ने रास्ते में दम तोड़ दिया और गोपाल की उपचार के दौरान मौत हो गई। करण घायल है और उसका उपचार किया जा रहा है।

पुलिस का क्या कहना

इस मामले में एक अलग एंगल तब सामने आया जब सैलाना थाना प्रभारी पिंकी प्रकाश ने कहा कि डायल 112 पर दुर्घटना की जानकारी लगी थी। पूछताछ करने पर यह पता चला है की बाइक सवार स्पीड में थे। बैलेंस बिगड़ने की वजह से यह पशु बांधने की टापरी में घुस गए। चोट आने की वजह से इनकी मौत हुई है। पुलिस ने तथ्यों के आधार पर जांच और कार्रवाई करने की बात कही है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy
Follow Us :GoogleNews
रतलाम में 3 युवकों पर लाठी और पत्थरों से हमला, 2 की मौत 1 घायल, जांच में जुटी पुलिस