अयोध्या के राम मंदिर में हुए चढ़ावा चोरी का मामला लगातार गरमाया हुआ है। इसमें मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय सहित कई लोगों पर गाज गिरी है। वहीं मामले में जांच भी तेज हो गई है। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के बाद अब उत्तराखंड के चारधाम अलर्ट हो गए हैं। बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने मंदिरों में चढ़ावा व दान सामग्री की निगरानी के लिए नए दिशा निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों में दान और चढ़ावे के संग्रह, सुरक्षा और लेखा-जोखा में पूर्ण पारदर्शिता अनिवार्य की गई है।
बता दें कि BKTC ने गुरुवार, 2 जुलाई को एक आदेश जारी किया है। जिसमें कमेटी के मुख्य अधिकारी सोहन सिंह रंगड़ ने समिति द्वारा संचालित बद्रीनाथ, केदारनाथ सहित सभी मंदिरों के दान एवं चढ़ावा गणना केंद्रों, लेखा शाखाओं, कोषागार अनुभागों, अतिथि गृहों और पूजा काउंटरों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने और कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मंदिर समिति ने दिए कड़े निर्देश
आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि नकद दान, चढ़ावे, दान में प्राप्त सामग्री तथा मंदिर की आय के प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर के अंतर्गत न सिर्फ चारधाम बल्कि उत्तराखंड के कई अहम मंदिर आते हैं।
आदेश के अनुसार, हालही में श्रीराम मंदिर, अयोध्या में दान और चढ़ावे में कथित गबन से जुड़ी खबरें मीडिया में सामने आने के मद्देनजर बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अधीन सभी मंदिरों में दान, चढ़ावा, किराया एवं अन्य आय के संग्रह और प्रबंधन में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत की स्थिति उत्पन्न न हो। जानकारी अनुसार, अयोध्या राम मंदिर मामले के बाद कई प्रमुख मंदिरों ने निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है।
उत्तराखंड की पवित्र चारधाम यात्रा
उत्तराखंड चारधाम यात्रा हिंदू धर्म की सबसे महत्वपूर्ण तीर्थयात्राओं में से एक है। इसमें उत्तराखंड के चार प्रमुख धामों यमुनोत्री धाम, गंगोत्री धाम, केदारनाथ मंदिर और बद्रीनाथ मंदिर के दर्शन किए जाते हैं। चारधाम यात्रा हर साल अप्रैल से नंवबर तक चलती है। शीतकाल में भारी बर्फबारी के कारण मंदिरों के कपाट बंद रहते हैं। इस समय चारधाम की यात्रा चल रही है। देश-विदेश से श्रद्धालु इन पवित्र धामों की यात्रा करने आते हैं। इन धामों का अपना-अपना पौराणिक महत्व है।
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी में अब तक कार्रवाई
बता दें कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी में राज्य सरकार द्वारा गठित तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपने के बाद FIR की बड़ी कार्रवाई हुई है। अब तक 8 लोगों पर एफआईआर दर्ज हो चुकी है और जांच एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की तह तक पहुंचने में जुटी हैं। आने वाले दिनों में जांच से और भी अहम तथ्य सामने आने की संभावना है।
मामले से जुड़े 8 आरोपियों के अलावा मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा ने भी इस्तीफा दे दिया है। जांच के बीच ट्रस्ट का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।





