Hindi News

आखिर प्रेमानंद महाराज ने क्यों कहा- “मैं मिलूं या न मिलूं…”? यह सुन भावुक हुए भक्त

Written by:Bhawna Choubey
Last Updated:
एकांतवास में गए प्रेमानंद महाराज का पहला संदेश सामने आया है। तबीयत खराब होने की अफवाहों के बीच उन्होंने भक्तों को ढांढस बंधाया और कहा कि भजन करते रहिए, मैं हमेशा आपके साथ हूं।
आखिर प्रेमानंद महाराज ने क्यों कहा- “मैं मिलूं या न मिलूं…”? यह सुन भावुक हुए भक्त

वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज पिछले कुछ दिनों से एकांतवास में हैं। उनके अचानक सार्वजनिक कार्यक्रम बंद करने के बाद भक्तों के बीच चिंता बढ़ गई थी। सोशल मीडिया पर लगातार उनकी तबीयत खराब होने की खबरें सामने आ रही थीं। ऐसे में अब प्रेमानंद महाराज का एक वीडियो संदेश सामने आया है, जिसने करोड़ों भक्तों को राहत दी है।

वीडियो में प्रेमानंद महाराज बेहद शांत अंदाज में अपने भक्तों से बात करते नजर आए। उन्होंने कहा, “मैं मिलूं या न मिलूं, बोलूं या न बोलूं… मैं आप सबसे बहुत प्यार करता हूं।” उनका यह संदेश सामने आते ही भक्त भावुक हो गए और सोशल मीडिया पर तेजी से इसे शेयर किया जाने लगा।

17 मई से बंद हैं पदयात्रा और सत्संग

प्रेमानंद महाराज पिछले कई सालों से वृंदावन में रात्रि पदयात्रा और भक्तों के साथ एकांतिक वार्तालाप करते रहे हैं। लेकिन 17 मई से इन सभी कार्यक्रमों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। इसके बाद भक्तों के बीच चिंता बढ़ गई थी कि आखिर अचानक ऐसा क्यों हुआ।

कई लोगों ने इसे उनकी खराब तबीयत से जोड़ दिया था। हालांकि अब सामने आए वीडियो में साफ कर दिया गया है कि प्रेमानंद महाराज फिलहाल सिर्फ एकांतवास में हैं और कुछ समय शांति और मौन में बिताना चाहते हैं।

“भजन करो, राधा रानी का नाम लो”

अपने वीडियो संदेश में प्रेमानंद महाराज ने भक्तों को खास संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। जो जिस सेवा में है, वह उसी सेवा में बना रहे। उन्होंने भक्तों से ज्यादा से ज्यादा नाम जप और भजन करने की अपील की।

प्रेमानंद महाराज ने कहा कि गुरुदेव हमेशा अपने भक्तों के साथ रहते हैं। उन्होंने कहा कि भले ही वे सामने न दिखें, लेकिन उनके विचार और आशीर्वाद हमेशा भक्तों के साथ रहेंगे। यही बात सुनकर उनके अनुयायियों को बड़ी राहत मिली।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

प्रेमानंद महाराज का यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। हजारों भक्तों ने वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए उनके जल्द स्वस्थ रहने और लंबे जीवन की कामना की। कई भक्तों ने लिखा कि महाराज जी के शब्द सुनकर मन शांत हो गया। वृंदावन समेत देशभर में उनके अनुयायी लगातार उनके लिए प्रार्थना कर रहे हैं। प्रेमानंद महाराज का यह भावुक संदेश अब भक्तों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
मुझे लगता है कि कलम में बहुत ताकत होती है और खबरें हमेशा सच सामने लाती हैं। इसी सच्चाई को सीखने और समझने के लिए मैं रोज़ाना पत्रकारिता के नए पहलुओं को सीखती हूँ। View all posts by Bhawna Choubey
Follow Us :GoogleNews