रीवा। बाणसागर बांध के बढ़ते जलस्तर और जलाशय में लगातार हो रही पानी की आवक को देखते हुए रविवार को बांध के 6 रेडियल गेट खोलने का फैसला लिया गया है। जल संसाधन विभाग ने सोन नदी के किनारे और बांध के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा नदी से दूर रहने की अपील की है।
रविवार, 30 अगस्त की सुबह 6 बजे बाणसागर बांध का जलस्तर 341.58 मीटर दर्ज किया गया। जलाशय में मौजूदा आवक और कैचमेंट एरिया में हो रही बारिश के कारण बांध का निर्धारित जलस्तर बनाए रखने के लिए दोपहर 12 बजे 6 रेडियल गेट 2-2 मीटर तक खोले जाएंगे।
सोन नदी में छोड़ा जाएगा 2454 क्यूमेक पानी
जल संसाधन विभाग के मुताबिक गेट खोलने के बाद स्पिलवे के माध्यम से 2454 क्यूमेक पानी सोन नदी में छोड़ा जाएगा। पानी की आवक और परिस्थितियों को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर इससे अधिक पानी भी छोड़ा जा सकता है।
इसके चलते सोन नदी के जलस्तर और बहाव में बढ़ोतरी हो सकती है। विभाग ने मैदानी अमले को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बाणसागर बांध के डाउनस्ट्रीम में रहने वाले लोगों को सोन नदी के दोनों किनारों से दूर रखने के लिए आवश्यक अलर्ट जारी करने को कहा गया है।
यह सूचना मुख्य अभियंता, गंगा कछार जल संसाधन विभाग, रीवा की ओर से जारी की गई है।






