बाणसागर बांध के 6 गेट आज दोपहर 12 बजे खुलेंगे, सोन नदी में छोड़ा जाएगा पानी; किनारों से दूर रहने का अलर्ट

बाणसागर का जलस्तर रविवार सुबह 341.58 मीटर पहुंचा, कैचमेंट में बारिश और बढ़ती आवक के चलते दोपहर 12 बजे 6 रेडियल गेट 2-2 मीटर खोलने का फैसला; सोन नदी में 2454 क्यूमेक पानी छोड़ा जाएगा, जरूरत पड़ने पर बढ़ सकता है डिस्चार्ज
बाणसागर बांध के 6 गेट आज दोपहर 12 बजे खुलेंगे, सोन नदी में छोड़ा जाएगा पानी; किनारों से दूर रहने का अलर्ट

रीवा। बाणसागर बांध के बढ़ते जलस्तर और जलाशय में लगातार हो रही पानी की आवक को देखते हुए रविवार को बांध के 6 रेडियल गेट खोलने का फैसला लिया गया है। जल संसाधन विभाग ने सोन नदी के किनारे और बांध के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा नदी से दूर रहने की अपील की है।

रविवार, 30 अगस्त की सुबह 6 बजे बाणसागर बांध का जलस्तर 341.58 मीटर दर्ज किया गया। जलाशय में मौजूदा आवक और कैचमेंट एरिया में हो रही बारिश के कारण बांध का निर्धारित जलस्तर बनाए रखने के लिए दोपहर 12 बजे 6 रेडियल गेट 2-2 मीटर तक खोले जाएंगे।

सोन नदी में छोड़ा जाएगा 2454 क्यूमेक पानी

जल संसाधन विभाग के मुताबिक गेट खोलने के बाद स्पिलवे के माध्यम से 2454 क्यूमेक पानी सोन नदी में छोड़ा जाएगा। पानी की आवक और परिस्थितियों को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर इससे अधिक पानी भी छोड़ा जा सकता है।

इसके चलते सोन नदी के जलस्तर और बहाव में बढ़ोतरी हो सकती है। विभाग ने मैदानी अमले को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बाणसागर बांध के डाउनस्ट्रीम में रहने वाले लोगों को सोन नदी के दोनों किनारों से दूर रखने के लिए आवश्यक अलर्ट जारी करने को कहा गया है।

यह सूचना मुख्य अभियंता, गंगा कछार जल संसाधन विभाग, रीवा की ओर से जारी की गई है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews