
Rewa News : मध्य प्रदेश के रीवा जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां चोरहटा थाने में अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री में बड़ा हादसा हो गया। जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई। जिससे पूरे प्लांट में हड़कंप मच गया है। आनन-फानन में कंपनी प्रबंधक द्वारा पुलिस को इसकी सूचना दी गई। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मृतक के शव को बाहर निकाला। साथ ही मर्ग कायम करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। आइए विस्तार से जानें…
जानें पूरा मामला
दरअसल, आज सुबह एक मजदूर पैकिंग प्लांट के कन्वेयर में फंस गया। इस दौरान उसकी मौत हो गई। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के साथ ग्रामीण मौकास्थल पर पहुंचे। जिन्होंने कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया और धरने पर बैठ गए। जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा बड़ी संख्या में सुरक्षा के लिए बल तैनात किए गए। ग्रामीणों ने मांग की है कि मृतक के परिजनों को 1 करोड़ रुपए सहित परिवार के एक व्यक्ति को नौकरी दी जाए। साथ ही दोषियो को जेल भेजा जाए।
पुलिस द्वारा कार्रवाई जारी
वहीं, पुलिस ने मृतक की पहचान रमेश यादव के रुप में की है, जिसकी उम्र 25 साल बताई जा रही है जो कि भोलगढ़ गांव का रहने वाला था। सूत्रों की जानकारी के अनुसार, कंपनी के अंदर या बाहर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं है। जिसके कारण आज ये घटना घटी है। फिलहाल, पुलिस ने मामला में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इधर, ग्रामीणों ने जिद्द है कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होती मृतक का दाह संस्कार नहीं किया जाएगा।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

