
Rewa News : मध्य प्रदेश के रीवा जिले में बदमाशों का आतंक थमने का नाम ही नहीं ले रहा। जिसका एक ताजा मामला रविवार को मनगवां थाना के बेलवा हाईवे से सामने आया है, जहां तीन नकाबपोश बदमाशों द्वारा गोली चलाकर 50 हजार की लूट की घटना को अंजाम दिया गया है। साथ ही सभी मौके से फरार हो चुके हैं। जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल, पुलिस द्वारा पीड़ित की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही बदमाशों की तलाश जारी है।
जांच शुरू
जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह नरेंद्र विश्वकर्मा नामक युवक उमरी गांव से मनगंवा ट्रैक्टर में फर्नीचर बनाने की लकड़ी बेचने आया था। नरेंद्र लकड़ी बेचकर बाइक से अपने घर वापस जा रहा था। इसी बीच रास्ते में तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और गोली मारकर उसकी जेब में रखे 50 हजार रुपए लूट लिए। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहुंचाया अस्पताल
बता दें कि बंदूक से निकली गोली युवक के सीने के बगल में जा लगी। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल नरेंद्र विश्वकर्मा को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बचाई जा सकी। वहीं, घटना के बाद से पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। जानकारी के मुताबिक, इसी तरह की एक घटना महीने भर पहले बेलवा पेट्रोल पंप के पास भी हुई थी, जो इस घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर है। पुलिस अब दोनों मामलों को जोड़कर देख रही है।
पूछताछ जारी
फिलहाल, सभी आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए है। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है और क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी गई है। पुलिस संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

