MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

रीवा में गढ्ढों और जलभराव से पलटा ऑटो, तो भड़का मास्टर्स स्टूडेंट, सड़क पर बैठकर दर्ज कराया विरोध

मध्य प्रदेश के रीवा स्थित कॉलेज चौराहे पर खस्ताहाल सड़क और जलभराव से नाराज मास्टर्स पास युवक ने अनोखा प्रदर्शन किया। बारिश और कीचड़ के बीच सड़क पर बैठकर 'नेशनलिज्म' की किताब पढ़ते हुए युवक ने प्रशासन के सामने सुरक्षा और विकास पर सवाल खड़े किए।
Rewa

मध्य प्रदेश के रीवा स्थित कॉलेज चौराहे पर सड़क की खस्ताहाली को लेकर एक युवक ने बेहद अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया। तेज बारिश के बीच युवक बीच सड़क पर धरने पर बैठ गया और हाथ में ‘नेशनलिज्म’ नाम की किताब लेकर पढ़ाई करने लगा। सड़क पर जलभराव और कीचड़ के बीच शांतिपूर्ण तरीके से किताब पढ़ते इस युवक को देख मौके पर आने-जाने वाले लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।

जलभराव से पलटा ऑटो

कॉलेज चौराहे के पास लंबे समय से सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। हल्की सी बारिश होते ही यहां पानी और कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे पैदल चलने वालों और वाहन चालकों की आफत आ जाती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क की बदहाली के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं और हाल ही में जलभराव के कारण एक ऑटो भी अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।

मास्टर्स पास अंकित का सवाल- ‘क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार है?’

अनोखा प्रदर्शन करने वाले युवक की पहचान अंकित के रूप में हुई है, जो मास्टर्स की पढ़ाई पूरी कर चुका है। शहर से बाहर रहकर पढ़ाई करने के बाद जब वह रीवा लौटा, तो यहां की बदहाल सड़कें देखकर दंग रह गया। अंकित का कहना है कि उसका यह कदम किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि सोए हुए प्रशासन को जगाने के लिए है। उसने सवाल उठाया कि क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी की जान जाने का इंतजार कर रहे हैं?

‘डिप्टी सीएम के शहर का यह हाल’, प्रशासन से की सड़क सुधारने की मांग

अंकित ने बातचीत के दौरान प्रदेश सरकार का ध्यान खींचते हुए कहा कि रीवा वो शहर है, जिसने मध्य प्रदेश को उपमुख्यमंत्री दिया है। इसके बावजूद अगर शहर के मुख्य चौराहे की सड़क का यह हाल है, तो व्यवस्थाओं पर सवाल उठना लाजमी है। उसने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि किसी बड़े हादसे से पहले सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि आम जनता को सुरक्षित आवागमन मिल सके।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews
रीवा में गढ्ढों और जलभराव से पलटा ऑटो, तो भड़का मास्टर्स स्टूडेंट, सड़क पर बैठकर दर्ज कराया विरोध