
Mauganj Road Accident : मध्य प्रदेश का नवीन जिला मऊगंज में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जब ट्रक की टक्कर से यात्रियों से भरी बस पलट गई। जिसमें सवार एक महिला की मौके पर मौत हो गई जबकि 30 लोगों के घायल होने की खबर है। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मर्ग कायम करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। साथ ही, घायलों को एंबुलेंस व लोगों की मदद से हनुमना और रीवा के अस्पतालों में भेजा गया है।
खटखरी के पास का मामला
दरअसल, हादसा शाहपुर थाना इलाके के खटखरी के पास का है। जब आज सुबह करीब 6 बजे यह घटना हुई। शाहपुर थाना प्रभारी अभिषेक पटेल के मुताबिक, खटकरी के पास बस का टायर पंक्चर हो गया था जो कि सड़क किनारे टायर बदलवा रहा था। इस दौरान पीछे से ट्रक चालक ने बस को पीछे टक्कर मार दी। बता दें कि बस शहडोल जिले के ब्यौहारी से बनारस जा रहे थे। जिसमें तीर्थ यात्री सवार थे।
घायलों का इलाज जारी
फिलहाल, सभी घायलों का इलाज जारी है। साथ ही, पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इधर, महिला के परिजनों को जानकारी मिलते ही वो घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। पूरे गांव में मातम का माहौल बन गया है। बता दें कि शनिवार को सीएम की घोषणा के बाद रविवार को सरकार की अधिसूचना के बाद रीवा से अगल होकर मऊगंज 53वां जिला बना है।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

