सागर, डेस्क रिपोर्ट। 5 दिन पहले सागर की खुरई विधानसभा में बीजेपी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुए झगड़े का एक वीडियो सामने आया है। कांग्रेस का आरोप है कि इस वीडियो में नजर आ रहा व्यक्ति बीजेपी के व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष का भाई व पार्टी कार्यकर्ता है जो पुलिसकर्मी को धक्का देकर भगा रहा है।

[dgv_vimeo_video id=”672204248″]

[dgv_vimeo_video id=”672204399″]

27 जनवरी को खुरई के सेल्फी प्वाइंट पर हो रही सियासत उस समय गरमा गई थी जब सेल्फी प्वाइंट में तोड़फोड़ को लेकर बीजेपी कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए थे। बीजेपी ने आरोप लगाया था कि सेल्फी प्वाइंट पर कांग्रेसियों ने तोड़फोड़ की और बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट भी की। इस मामले में बाद में मंत्री भूपेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने कांग्रेसियों को बल प्रयोग करते हुए तितर-बितर भी कर दिया था। इसके बाद कांग्रेस के पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे सहित कई लोगों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया था। अब कांग्रेस ने एक वीडियो जारी किया है और इस वीडियो में बीजेपी कार्यकर्ता संदीप रोकडिया, जो व्यापारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष का भाई है, पुलिसकर्मियों को धक्का देता नजर आ रहा है और पुलिसकर्मी उस से जान बचाकर भाग रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि इस तरह की वीडियो ने घटना की असलियत को खोल दिया है और साफ जाहिर है कि किस तरह से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की बजाए बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ही मामले को बिगाड़ा था और उसके बाद उल्टा कांग्रेस के नेताओं पर ही धारा 307 जैसे संगीन मामलों में आरोप दर्ज करा दिया। इतना ही नहीं, पुलिस पर भी बीजेपी के पक्ष में काम करने और कांग्रेसियों पर लाठीचार्ज करने का आरोप कांग्रेस ने लगाया है। फिलहाल यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है और सागर जिले की सियासत लगातार इस मामले को लेकर गर्मा रही है।