सागर देवरी मार्ग के बीच नेशनल हाईवे-44 पर एक चलते कंटेनर में भीषण आग लगने की जानकारी सामने आई है। कंटेनर में ये आग चिमाढाना के पास लगी। जैसे ही चालक ने आग की तेज लपटे उठती हुई देखी। वाहन को तुरंत सड़क किनारे खड़ा किया और अपनी जान बचाई।
बुधवार रात हुई इस घटना में कंटेनर बुरी तरह से जल गया है। जैसे की आग लगने की सूचना मिली पुलिस और नगर पालिका देवरी की फायर बिग्रेड टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना की वजह से हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और जाम की स्थिति देखने को मिली।
चलते कंटेनर में लगी आग
घटना को लेकर आ रही जानकारी के मुताबिक ट्रक नेशनल हाईवे-44 पर देवरी के निकट चिमाढाना के पास पहुंचा था। तभी आगे के हिस्से में अचानक आग की लपटे उठने लगी। देखते ही देखते ये आग आगे के पूरे हिस्से में फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ट्रक की वायरिंग में खराबी होने से आग लगने की आशंका है। मामले की जांच कर वास्तविक कारण पता करने की कोशिश की जा रही है।

आगरा जा रहा था ट्रक
ट्रक चालक के मुताबिक वह त्रिची से पेपर रोल लेकर आगरा जा रहे थे। रास्ते में अचानक ट्रक की वायरिंग से चिंगारी निकलने लगी और देखते ही देखते आग लग गई। आग बढ़ती हुई देख उन्होंने बिना देर किए ट्रक को सड़क के किनारे खड़ा किया और नीचे उतर गए जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कंटेनर में भरे पेपर रोल को नुकसान से बचाने की कोशिश की।
हाईवे पर लगा जाम
कंटेनर में आग लगने की वजह से नेशनल हाईवे 44 पर लगभग 1 घंटे तक वाहनों की लंबी कतार देखने को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभाली तब जाकर आवागमन सामान्य हो पाया। घटना का पंचनामा तैयार कर ट्रक को सड़क से हटाया गया।






