सागर। सागर के चर्चित जहरीली शराब कांड में पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा एक्शन लेते हुए 20 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी रवि लखेरा को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि रवि बरायठा थाना क्षेत्र के हनुमान टोंग मंदिर के पास छिपा है और वहां से छतरपुर की ओर निकलने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमों ने उसकी घेराबंदी की।
पुलिस के मुताबिक रवि लखेरा के साथ दो अन्य आरोपी भी मौजूद थे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में रवि के बाएं पैर में गोली लगी। इसी दौरान भागते समय गिरने से उसका टखना भी टूट गया, जबकि उसके साथ मौजूद दोनों अज्ञात आरोपी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गोली लगने के बाद रवि लखेरा को पुलिस बंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। बंडा जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस ने रवि लखेरा पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
कौन है रवि लखेरा
रवि लखेरा मूल रूप से छतरपुर जिले के महोबा का रहने वाला बताया जा रहा है और फिलहाल उत्तर प्रदेश के ललितपुर की गंगापुरम कॉलोनी में रहता है। पुलिस के मुताबिक वह अंतरराज्यीय शराब तस्कर है और उसके खिलाफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश सहित अन्य जगहों पर करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें सबसे ज्यादा मामले आबकारी एक्ट से जुड़े बताए गए हैं।
वर्ष 2025 में सागर के बहेरिया थाना क्षेत्र में आबकारी एक्ट के एक मामले में रवि फरार चल रहा था। कुछ महीने पहले ललितपुर पुलिस ने उसे अवैध शराब फैक्ट्री के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक रवि शराब बनाने और इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री की जानकारी रखता है और अपनी टीम के साथ नकली शराब बनाने का काम करता है।
बुलडोजर एक्शन से बढ़ी सख्ती
आपको बता दें कि सागर मामले में कल गुरुवार को भी बड़ा एक्शन देखने को मिला था। नगर पालिका और पुलिस की टीम वार्ड 11 और 12 पहुंची, जहां करणी सेना के संभागीय अध्यक्ष चंद्रभान सिंह राजपूत उर्फ चंदू और आशीष साहू से जुड़े अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया गया।
इसके अलावा मनीष लोधी के तीन मकानों में किए गए अवैध निर्माण को भी हटाया गया। शराबकांड के बाद आरोपियों की धरपकड़ के साथ ही उनसे जुड़े अवैध निर्माण पर भी प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है।
सागर का जहरीली शराब मामला सामने आने के बाद से ही लगातार कार्रवाई के केंद्र में है। बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत और कई लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद पुलिस ने अवैध शराब के नेटवर्क से जुड़े आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी। मामले में अब तक कई आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि पुलिस इसके पीछे काम कर रहे पूरे नेटवर्क की कड़ियां भी तलाश रही है।
घटना के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी सीधे सागर पहुंचे थे। उन्होंने अस्पताल जाकर प्रभावित लोगों का हाल जाना और अधिकारियों को अवैध शराब के कारोबार पर सख्त कार्रवाई के लिए फ्री हैंड देने की बात कही। इसके बाद मामले की न्यायिक जांच के आदेश हुए, आरोपियों से जुड़े अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला और अब मुख्य आरोपी रवि लखेरा के शॉर्ट एनकाउंटर के साथ कार्रवाई एक कदम और आगे बढ़ गई है।
जहरीली शराब का UP कनेक्शन
सागर शराबकांड में उत्तर प्रदेश के ललितपुर का कनेक्शन पहले ही सामने आ चुका है। करीब चार महीने पहले 4 मई को ललितपुर कोतवाली पुलिस ने नकली शराब बनाकर मध्य प्रदेश में सप्लाई करने वाले एक कथित रैकेट को पकड़ा था। पूछताछ में आरोपियों ने बांदरी, बड़ोदिया और पलेथनी समेत सागर के कई इलाकों में शराब सप्लाई करने की बात बताई थी। अब बंडा में हुई मौतों के मामले में भी ललितपुर कनेक्शन सामने आया है, हालांकि मई में पकड़े गए उस रैकेट और मौजूदा शराबकांड के बीच सीधा संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।







