
Basant Panchami In Satna : आज पूरे देश में बसंत पंचमी का त्यौहार बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में सतना जिले के प्रसिद्ध स्थल रामवन में भी इस अवसर पर 5 दिवसीय मेला का आयोजन किया जा रहा है। जिसकी शुरुआत आज से हो चुकी है और सांसद गणेश सिंह ने इस मेले का उद्घाटन किया है। इस दौरान अध्यक्ष मानव संघ अखंड प्रताप सिंह, प्रेसिडेंट प्रिज्म सीमेंट मनीष सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
लगाए जा रहे इतने स्टॉल्स
बता दें कि इस मेले में 550 से अधिक स्टाल लगाए गए हैं। मेले की रौनक और मनोरंजन को बढ़ाने के लिए झूले, सर्कस, खेल-तमाशे के प्रदर्शन, कार्निवल गेम्स सहित खाने के अनेकों स्टॉल्स लगाए गए हैं। वहीं, हर साल की तरह इस साल भी कबड्डी स्पर्धा का आयोजन होगा जोकि निःशुल्क होगी। पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर कबड्डी टीमों का पंजीयन किया, ताकि सभी रुचि रखने वाले लोग इसमें भाग ले सकें। इसके अलावा, विजेता टीम को 11,000 रुपये नकद और उप-विजेता टीम को 5,100 रुपये केश प्रदान किया जाएगा।
लोक कलाकार देंगे प्रस्तुति
वहीं, विधायक विक्रम सिंह के प्रयासों से बसंतोत्सव मेले में लोक कलाकारों को आमंत्रित किया गया, जो यहां अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही, शिव-शक्ति पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। संग्रहाध्यक्ष केएल डाभी ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्घाटन कलेक्टर अनुराग वर्मा द्वारा 14 फरवरी को किया गया। यह प्रदर्शनी सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आम जनता के लिए निःशुल्क रहेगी।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

