चित्रकूट में भीषण बाढ़, कई क्षेत्रों से संपर्क टूटा, सांसद गणेश सिंह ने सीएम मोहन यादव से की बात, दी मौजूदा स्थिति की जानकारी

चित्रकूट में आई बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई गांव खाली कराए गए हैं और NDRF तैनात की गई है। सतना सांसद गणेश सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया और सीएम मोहन यादव से बात कर मौजूदा स्थिति से अवगत कराया।
Chitrakoot Flood

नेपाल जलप्रलय की भयावह तस्वीरें और वीडियो अभी लोगों के जेहन से मिटे भी नहीं हैं कि चित्रकूट में आई बाढ़ ने दहशत बढ़ा दी है। चित्रकूट में मंदाकिनी समेत सभी नदियां उफान पर हैं। वहीं मंदाकिनी नदी ने ऐसा रौद्र रूप धारण किया कि करीब 23 साल पुराना बाढ़ का रिकॉर्ड टूट गया। टिकरिया डोंडा बांध के भर जाने के बाद आसपास के गांवों को खाली करा लिया गया है जबकि राहत और बचाव कार्य के लिए  NDRF की टीम को भी बुलाया गया है। सतना सांसद गणेश सिंह ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।

सांसद गणेश सिंह चित्रकूट में बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने लोगों की सुरक्षा और राहत-बचाव को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं। इतना ही नहीं स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सांसद गणेश सिंह ने राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल से फोन पर बात की और मौजूद स्थिति से अवगत कराया।

चित्रकूट में बाढ़ की स्थिति गंभीर, सांसद गणेश सिंह ने जताई चिंता

सांसद गणेश सिंह ने सोशल मीडिया फेसबुक पर पोस्ट शेयर कर कहा कि चित्रकूट सहित पूरे क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक बनी हुई है। लगातार वर्षा और नदियों के उफान के कारण चित्रकूट का संपर्क कई स्थानों पर बाधित हो गया है। डीआरआई, आरोग्यधाम सहित अनेक क्षेत्रों में पानी भर गया है तथा मौकामगढ़ पुल क्षतिग्रस्त होने से संपर्क प्रभावित हुआ हैं।

सांसद गणेश सिंह ने सीएम मोहन यादव से की बात

सांसद ने गंभीरता को देखते हुए दौरे के दौरान ही उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल को हालात से अवगत कराया। उनके निर्देश पर राहत एवं बचाव कार्यों के लिए हेलीकॉप्टर, एनडीआरएफ और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं जुटाने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। साथ ही वह रीवा संभागायुक्त और प्रशासनिक अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं, ताकि प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द राहत और सहायता पहुंचाई जा सके।

चित्रकूट समेत प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के संपर्क में हैं सांसद गणेश सिंह

सांसद गणेश सिंह ने कहा कि वह लगातार चित्रकूट, रैगांव, जैतवारा सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के संपर्क में हैं। उन्होंने लोगों से धैर्य बनाए रखने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और स्थानीय स्तर पर एक-दूसरे की मदद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन पूरी तत्परता के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। प्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और प्रभावित परिवारों तक राहत एवं सहायता पहुंचाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। संकट की इस घड़ी में वह प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़े हैं और हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews