
Satna News : मध्यप्रदेश के सतना जिले में अपराधिक घटनाएं कम होने के नाम ही नहीं ले रही। आए दिन दिनदहाड़े यहां कभी गोली चल जाती है तो कभी लूटपाट, चाकूबाजी की घटनाएं घटित होती है। जिसका एक ताजा मामला सामने आया है, जहां शहर के दो अलग-अलग इलाकों में चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया गया। जिसमें दो युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिनका इलाज जारी है। आइए दोनों मामलों को विस्तार से जानें…
पहला मामला
बता दें कि चाकूबाजी का पहला मामला कोलगवां थाना अंतर्गत जवान सिंह कॉलोनी का है। दपअसल, शुक्रवार देर रात चाकू लगने से एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया है। जिसे आनन-फानन में देर रात जिला अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां पुलिस के आए बगैर इलाज करने में आनाकानी की जाने लगी। जिसके बाद परिजन उसे लेकर जबलपुर चले गए, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका इलाज जारी है। जिसकी पहचान रवि सेन के रुप में की गई है। मामले को लेकर घायल के परिजनों का कहना है कि कुशवाहा ने उसपर हमला किया है।
दूसरा मामला
वहीं, दूसरा मामला बजरहा टोला का है, जहां मामूली सी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। जिसके बाद गुस्साए अज्ञातों ने सामने वाले पक्ष पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे वो घायल हो गया। जिसे आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया। वहीं, पुलिस को इस मामले में सूचना दे दी गई। फिलहाल, पुलिस ने दोनों ही मामलों में शिकायत दर्ज कर जांच में जुट गई है।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

