सतना में भारी बारिश से बिगड़े हालात, भाजपा कार्यालय परिसर हुआ जलमग्न, जीतू पटवारी बोले- ‘डबल इंजन’ नाव में..

सतना में लगातार भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया है। कई घरों-दुकानों में पानी घुस गया और भाजपा कार्यालय परिसर में करीब चार फीट पानी भर गया।
Satna News

सतना: मध्यप्रदेश के कई जिलों में इन दिनों बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं जबकि कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। वहीं, सतना भी भारी बारिश से छुपा नहीं है। जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है।

बता दें कि सतना शहर के कई इलाकों में लगाताार हो रही बारिश के कारण कई घरों में पानी घुस गया है। इतना ही नहीं भाजपा कार्यालय परिसर में करीब चार फीट तक पानी भर गया। भाजपा कार्यालय के आसपास भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। जलभराव के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

जीतू पटवारी ने शेयर किया वीडियो

बता दें कि सतना जिले के कई गांवों का संपर्क शहर से टूट गया है। वहीं, शहर के कई घरों और दुकानों में पानी भर जाने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने एक्स पर एक वीडियो शेयर कर भाजपा सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा, चित्रकूट के चलचित्र बता रहे हैं कि विकास का ‘डबल इंजन’ नाव में बैठकर भाजपा दफ्तर तक आ गया है!

चित्रकूट में मं​दाकिनी का जलस्तर बढ़ा

जानकारी के अनुसार, हाल ही में चित्रकूट में आई बाढ़ से कई लोग प्रभावित हुए थे। अब एक बार फिर लगातार बारिश के चलते चित्रकूट में बाढ़ जैसे हालात बनते दिखाई दे रहे हैं। बारिश के कारण मंदाकिनी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।

गौरतलब है कि पिछले दिनों मंदाकिनी नदी में आई भीषण बाढ़ ने चित्रकूट में बड़े पैमाने पर तबाही मचाई थी। 29 अगस्त को नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद कई इलाके जलमग्न हो गए थे। इस दौरान सैकड़ों साल पुराना पुल भी बह गया और बड़ी संख्या में गांव बाढ़ की चपेट में आ गए थे। हालांकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी चित्रकूट पहुंचे थे। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी परेशानियां जानीं और उन्हें भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार उनकी हर संभव मदद करेगी।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews