
Satna News : सतना की कोठी थाना पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करों के गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने 137 भेड़-बकरियों और एक ट्रक को जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी मवेशियों के परिवहन से संबंधित कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत करने में असमर्थ रहे। फिलहाल, मामले में आगे की जांच जारी है।
4 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शिवा कुशवाहा (25), रोहित पटेरिया (26), जितेन्द्र कोल (35), और हंसराज कोल (35) शामिल हैं। ये सभी आरोपी सतना जिले के विभिन्न इलाकों के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से 137 भेड़-बकरियों के साथ एक ट्रक भी जब्त किया है। दरअसल, यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना के बाद की गई थी।
मुखबिर से मिली सूचना
थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में मवेशियों को क्रूरता पूर्वक लोड कर सतना से उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर ट्रक (MH31 FC 8433) को रोका। तलाशी लेने पर ट्रक में 137 भेड़ और बकरियां मिलीं, जिन्हें अवैध रूप से लोड किया गया था। ट्रक में चारों आरोपी भी मौजूद थे, जिन्हें पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

