सतना में एक बार फिर शूट हुआ “Sholay”, शराबी ने टंकी पर चढ़कर मचाया हंगामा

सतना में एक बार फिर शूट हुआ “Sholay”, शराबी ने टंकी पर चढ़कर मचाया हंगामा

सतना। पुष्पराज सिंह बघेल।

जिले के बिरसिंहपुर कस्बे में शुक्रवार को नजारा कुछ ऐसा दिखा जिसने लोगो के जेहन में सुपर डुपर हिट फिल्म शोले की याद ताजा कर दी। यहां एक शख्स ने पानी की टंकी के ऊपर चढ़कर खूब हंगामा किया।दरअसल सतना जिले के बिरसिंहपुर कस्बे में शुक्रवार को शराब के नशे में एक शख्स ने खूब हंगामा किया। लल्ला फकीर नाम से पहचाना जाने वाला यह शख्स शराब पी कर कस्बे में पानी सप्लाई के लिए बनाए गए ओवर हेड टैंक यानी पानी की टंकी पर जा चढ़ा। टंकी के ऊपर कभी वह बैठ जाता तो कभी टहलने लगता।

उसके हाथ मे एक रस्सी भी थी।टंकी के ऊपर से जब उसने चिल्लाना शुरू किया तो लोगों का ध्यान उसकी तरफ गया। देखते ही देखते नीचे भीड़ जमा हो गई। लल्ला से लोग नीचे उतरने को कह रहे थे लेकिन वह टंकी पर पांव झुलाते बैठ कर चिल्लाता ही जा रहा था। इस घटना की सूचना सभापुर थाना पुलिस को दी गई तो फोर्स भी मौके पर पहुंच गई। काफी देर तक समझाइश देने के बाद लल्ला नीचे उतरने को तैयार तो हुआ लेकिन उसके बहकते कदमो ने लोगों को उसके गिरने की आशंका से डरा दिया।

वह जैसे जैसे नीचे उतरता जा रहा था लोग राहत की सांस लेते जा रहे थे।नीचे उतरने के बाद जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो पता चला कि लल्ला फकीर नाम का यह शख्स अपनी पत्नी और उसके मायके वालों से परेशान था। पत्नी उसे खुद फोन नही कर रही और जब वो फोन करता है तो बात नही करती। इस बात पर ही वो खफा था इसलिए पानी की टंकी पर चढ़ कर बैठ गया।पुलिस ने पूंछतांछ के बाद जाने दिया।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews