श्रमिक ट्रेन में खाने के पैकेट को लेकर मारपीट और हंगामा, पुलिस बनी तमाशबीन

श्रमिक ट्रेन में खाने के पैकेट को लेकर मारपीट और हंगामा, पुलिस बनी तमाशबीन

सतना/पुष्पराज सिंह बघेल

मुंबई के कल्याण से मजदूरों को लेकर बिहार जा रही ट्रेन में जमकर मारपीट हुई है। यह घटना सतना रेलवे स्टेशन में हुई। इस स्पेशल ट्रेन में 12 सौ के करीब मजदूरों को बिहार भेजा गया हैं और यह विवाद खाने के पैकेट को लेकर होना बताया जा रहा है।

दरअसल मुंबई से चलकर बुधवार को यह स्पेशल ट्रेन सतना पहुंची थी, यहां मजदूरों के लिये खाने एवं पानी की व्यवस्था कराई गई थी। बताया जा रहा है कि जब खाने के पैकेट बंट रहे थे उसी दौरान दो गुटों में खाने के पैकेट को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने बड़ा रूप ले लिया और दर्जनों मजदूर आपस में भिड़ गए। हाथों में बेल्ट लेकर एक दूसरे को मारते इन मजदूरों को रोकने वाला कोई नहीं था। मजदूरों में संक्रमण हो सकता है इस डर से सतना जीआरपी पुलिस भी बोगी के अंदर जाने से कतराती रही। पुलिस बोगी के बाहर से ही लाठियां पीटकर झगड़े को शांत करने की कोशिश करती रही। झगड़ा काफी देर तक चला और कुछ मजदूर इस मारपीट में बुरी तरह घायल भी हो गए। पुलिस काफी मशक्कत के बाद बोगी के बाहर से ही मजदूरों को समझाईश देने में सफल हुई और झगड़ा शांत हुआ।

हालांकि सतना जीआरपी ने इस मामले में किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं की है व किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है। समझाईश देने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया, लेकिन इस झगड़े के कारण तय समय से ज्यादा वक्त तक ट्रेन सतना स्टेशन में ही खड़ी रही और अच्छा खासा हंगामा हो गया।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews