
Satna News : मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक खबर सामने आई है, जहां गुरुवार की रात पुरानी रंजिश के कारण एक युवक पर फरसे से हमला कर दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल, डॉक्टरों द्वारा उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। वहीं, पुलिस ने शिकायत दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
आई गंभीर चोट
दरअसल, मामला सिटी कोतवाली अंतर्गत धवारी मोहल्ले के मल्लाहन टोला का है, जब घायल धीरज प्रजापति पर राजा राम केवट और उसके जीजा अजय केवट ने इस वारदात को अंजाम दिया। बता दें कि इस घटना में धीरज के हाथ और पीठ पर गंभीर चोटे आई है। फिलहाल, उसका इलाज जारी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, धीरज का दोनों के साथ कोई विवाद नहीं था लेकिन आरोपियों ने उसे केवल इसलिए रंजिश रखी क्योंकि उसने कौशल्या केवट नामक महिला और उसके बेटे की मदद की थी।
जमीन से जुड़ा है मामला
यह घटना कौशिल्या नामक महिला द्वारा अपनी एक जमीन बेचने का मामला है। राजाराम चाहता था कि कौशिल्या उस रकम में से उसे 1 लाख रुपए दे, लेकिन कौशिल्या इसके लिए तैयार नहीं थी। इस नाराजगी में राजाराम ने कौशिल्या के बेटे के साथ मारपीट की थी। घायल धीरज ने इस मामले में कौशिल्या की मदद की थी और वह उसके साथ रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली गया था। पुलिस ने राजाराम के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। इसलिए राजाराम धीरज को जिम्मेदार मानता था।
पुलिस की कार्रवाई जारी
वहीं, गुरुवार रात जब धीरज अपनी बाइक से अपने घर की तरफ जा रहा था, तभी दोनों आरोपियों ने उसका रास्ता रोका और मारपीट करने लगे। हालांकि, पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। इसके लिए टीम का भी गठन किया जा चुका है। साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

