
Sehore News : मध्य प्रदेश का सीहोर जिला आए-दिन किसी-ना-किसी मुद्दे को लेकर चर्चा में बना रहता है। इसी कड़ी में पुलिस कप्तान दीपक कुमार शुक्ला ने हाल ही पदभार ग्रहण किया है। जिसके बाद वह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। दरअसल, नवागत पुलिस कप्तान ने पदभार संभालते ही अपराधों पर लगाम कसने की सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इससे पूरे इलाके में तस्करों, चोरों, जुआरियों के बीच हड़कंप मच गया है।
एक्शन मोड में आते ही जिले भर में अवैध शराब, जुआं, सट्टा और फरार वारंटियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी की गई है। इसके तहत, पुलिस को सफलता भी हाथ लगी है।
मुखिबर से मिली सूचना
कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने पुराने मर्चुरी रूम के पीछे चल रहे सट्टे के अड्डे पर छापा मारकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी। जिसपर तत्काल टीम का गठन किया गया और यह कार्रवाई की गई है। स्थानीय लोग इस कार्रवाई से काफी खुश है। उनका कहना है कि लंबे समय बाद यहां पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई की है।
पूछताछ जारी
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना प्रभारी मनोज मालवीय को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नदी चौराहा के पास पुराने मर्चुरी रूम के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से सट्टे के अंक लिखकर पैसे का दांव लगा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर व्यक्ति को रंगे हाथों पकड़ा। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम अमन बताया, जो नदी चौराहा का रहने वाला है। उसके पास से सट्टा अंक की डायरी और नगदी 15,700 रुपये बरामद किए गए। फिलहाल, आरोपी के खिलाफ सट्टा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
अनुराग शर्मा, सीहोर
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

