
Additional Collector Lakhnadon Seoni Reader arrested accepting bribe
जबलपुर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने अपर कलेक्टर लखनादौन जिला सिवनी के रीडर को 20,000/- रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है, रीडर ने एक शिकायतकर्ता से अपील का फैसला उसके पक्ष में कराने के बदले पैसे की डिमांड की थी जिसकी शिकायत पर वो पकड़ा गया।
जबलपुर लोकायुक्त पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम गंगादाना तहसील छपारा जिला सिवनी निवासी संतोष सिंह सिसोदिया ने एक शिकायती आवेदन दिया था जिसमें अपर कलेक्टर लखनादौन जिला सिवनी के रीडर माधव प्रसाद तिवारी पर रिश्वत मांगने के आरोप लगाये थे।
संतोष सिंह सिसोदिया ने शिकायत में कहा कि उसके गाँव में पैतृक भूमि पर जामुन एवं अन्य वृक्ष लगे हुए थे जो खसरा के कॉलम नंबर 12 में दर्ज थे, अज्ञात व्यक्ति द्वारा कुछ पेड़ काट दिए गए थे जिसकी सूचना आवेदक द्वारा संबंधित थाने में कर दी थी। लेकिन विरोधी पक्ष ने इसकी शिकायत एसडीएम कार्यालय लखनादौन में कर दी थी, जिसमें आवेदक के विरुद्ध निर्णय हुआ था।
30,000/- रुपये रिश्वत मांगी, 20,000/- लेने पर तैयार हो गया
संतोष ने इस निर्णय के विरुद्ध अपर कलेक्टर लखनादौन में अपील दायर की वहां पर पदस्थ रीडर माधव प्रसाद तिवारी ने उससे कहा कि वो उसके पक्ष में निर्णय करा देगा लेकिन 30,000/- रुपए रिश्वत लगेगी, बाद में वो 20,000/- रुपये लेने के लिए तैयार हो गया। शिकायत के बाद इसका सत्यापन कराया गया जिसमें शिकायत सही मिली।
रिश्वत हाथ में आते ही लोकायुक्त पुलिस ने दबोचा
रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद ट्रैप दल गठित किया गया और जबलपुर लोकायुक्त पुलिस की टीम लखनादौन पहुंची, रीडर ने संतोष को कार्यालय में बुलाया , वहां उसने जैसे ही रीडर माधव प्रसाद तिवारी को 20,000/- रुपये दिए लोकायुक्त पुलिस की टीम ने उसे दबोच लिया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन)2018 की धारा-7,13(1)B, 13(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जाँच में ले लिया है।
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

