धोखाधड़ी की FIR लिखने प्रधान आरक्षक ने मांगी 5 लाख रुपये रिश्वत, 75,000 लेते लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा

थाने पहुँचने के बाद आवेदक नितिन पाटकर ने प्रधान आरक्षक मनीष कुमार पटवा को दूसरी क़िस्त के रूप में 75 हजार रुपये जैसे ही दिए बाहर छिपी खड़ी लोकायुक्त पुलिस की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
Jabalpur Lokayukta Action

लोकायुक्त पुलिस ने आज एक और शासकीय सेवक को रंगे हाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है खास बात ये है घूसखोर उनके ही विभाग का कमर्चारी है, जो धोखाधड़ी की  एक एफआईआर लिखने के बदले 5 लाख रुपये रिश्वत मांग रहा था , लोकायुक्त की टीम ने उसे 75000 रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ा है।

लोकायुक्त पुलिस जबलपुर ने सिवनी जिले में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक को एक ठेकेदार से रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, प्रधान आरक्षक ठेकेदार के साथ हुई धोखाधड़ी की एफआईआर लिखने के बदले रिश्वत ले रहा था, उसने जैसे ही रिश्वत ली पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

प्रधान आरक्षक ने मांगी 5 लाख रुपये रिश्वत 

लोकायुक्त एसपी जबलपुर कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक सिवनी जिले की लखनादौन तहसील के ग्राम आदे गांव निवासी नितिन पाटकर नामक व्यक्ति ने एक स्शिकयती आवेदन दिया था, आवेदन में थाना केवलारी में पदस्थ प्रधान आरक्षक मनीष कुमार पटवा पर 5 लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोप लगाये थे।

ठेकेदार के साथ हुई धोखाधड़ी 

आवेदक नितिन पाटकर ने बताया कि वो सिविल ठेकेदार है उसने नगर परिषद केवलारी जिला सिवनी में सीसी रोड एवं नाली निर्माण का ठेका लिया था। उसने पेटी ठेकेदार राय कंस्ट्रक्शन राहुल राय निवासी सिवनी को कार्य सौंपा था लेकिन राहुल द्वारा घटिया काम कर रुपए की धोखाधड़ी उसके साथ की गई जिसकी शिकायत उसने केवलारी थाने में  8 अक्टूबर को की थी।

पहली क़िस्त 25,000/- रुपये पहले ही ले चुका था  

आवेदक नितिन पाटकर ने कहा कि थाना केवलारी में पदस्थ प्रधान आरक्षक मनीष कुमार पटवा धोखाधड़ी की FIR करने के एवज में उससे 5,00,000/- की मांग कर रहा था, नितिन ने बताया कि प्रथम किस्त के रूप में प्रधान आरक्षक  मनीष कुमार पटवा 25,000/- रुपये ले चुका था। अब 75,000/- रुपये मांग रहा है।

ठेकेदार ने लोकायुक्त SP से की प्रधान आरक्षक की शिकायत 

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने सत्यापन कराया जिसमें प्रधान आरक्षक मनीष कुमार पटवा द्वारा रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हो गई जिसके बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप प्लान की, आज 16 अक्टूबर को लोकायुक्त जबलपुर की टीम थाना केवलारी जिला सिवनी पहुंची।

75,000/- रुपये हाथ में आते ही लोकायुक्त टीम ने पकड़ा  

थाने पहुँचने के बाद आवेदक नितिन पाटकर ने प्रधान आरक्षक मनीष कुमार पटवा को दूसरी क़िस्त के रूप में 75 हजार रुपये जैसे ही दिए बाहर छिपी खड़ी लोकायुक्त पुलिस की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया, पुलिस ने प्रधान आरक्षक की जेब से कैश बरामद कर लिया, लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन)2018 की धारा-7,13(1)B, 13(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जाँच में ले लिया है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews