“गांधी हम शर्मिंदा हैं” बीजेपी की विकास यात्रा के दौरान विधायक मुनमुन राय के सामने सिवनी में बच्चे ने राष्ट्रपिता को लेकर पढ़ी आपत्तिजनक कविता

“गांधी हम शर्मिंदा हैं” बीजेपी की विकास यात्रा के दौरान विधायक मुनमुन राय के सामने सिवनी में बच्चे ने राष्ट्रपिता को लेकर पढ़ी आपत्तिजनक कविता

Seoni News: मध्य प्रदेश सरकार द्वारा निकाली जा रही विकास यात्राओं के दौरान राष्ट्रपिता के अपमान का मामला सामने आया है। मामला सिवनी जिले का बताया जा रहा है जहां पर विकास यात्रा के दौरान बीजेपी विधायक की उपस्थिति में एक बच्चे ने राष्ट्रपिता को लेकर आपत्तिजनक कविता पढी और उस पर जमकर तालियां बजी।

बीजेपी विधायक की मौजूदगी में पढ़ी गई आपत्तिजनक कविता

सोमवार रात 10 बजे बीजेपी ने एक ट्वीट किया और इसमें देश के गांधी और कांग्रेस के गांधी में अंतर बताया यानि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी। इसमें बताया गया कि देश के गांधी यानि बापू ने देश के लिए सत्याग्रह किया और कांग्रेस के गांधी यानी राहुल गांधी ने कांग्रेस के घोटालों को छुपाने का प्रयास किया। यह साफ है कि गांधीजी के प्रति बीजेपी की निष्ठा असंदिग्ध है और समय-समय पर बीजेपी के उन नेताओं को शीर्ष नेतृत्व की फटकार पड़ती रही है जो महात्मा गांधी के खिलाफ बयान बाजी करते रहे हैं। लेकिन सोमवार को एक वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें मध्य प्रदेश की सरकार की विकास यात्रा के दौरान सिवनी जिले के एक स्थान पर एक स्कूली छात्र कविता पढता नजर आया और इस कविता में उसने महात्मा गांधी के अहिंसा की तुलना में आजादी की लड़ाई में हुए हिंसात्मक आंदोलन को सर्वोपरि बताया। बच्चे की कविता की हर लाइन पर तालियां बजी और हैरत की बात यह रही कि तालियां बजाने वालों में बीजेपी के ही विधायक मुनमुन राय भी शामिल थे। इतना ही नहीं कविता समाप्त होने के बाद बच्चे की पीठ भी थपथपाई गई।

बीजेपी गोडसे की पार्टी

अब कांग्रेस इसे मुद्दा बना रही है। कांग्रेस के प्रवक्ता मिथुन अहिरवार का कहना है कि इस पूरे वाकए ने यह साफ कर दिया है कि बीजेपी गांधी की नहीं बल्कि गोडसे की पार्टी है और महात्मा गांधी का अपमान करना ही इनका एकमात्र ध्येय है। हालांकि मुनमुन राय इस विषय पर अपनी प्रतिक्रिया देने के लिए उपलब्ध नहीं हो सके लेकिन कुल मिलाकर जो कुछ भी हुआ वह बेहद शर्मनाक था। मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग की उपाध्यक्ष संगीता शर्मा ने कहा है कि ‘यह भाजपा सरकार की कैसी विकास यात्रा! जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी जिनके नेतृत्व में देश को आजादी मिली उस आजाद भारत में आज भी भाजपा नेता गांधी पर सवाल उठाने वाली कविता पर ठहाके लगाते और तालियां बजाते दिखाई दे रहे हैं जिसमे सिवनी के भाजपा विधायक दिनेश राय मुनमुन भी है। इससे ज्यादा शर्मनाक और क्या हो सकता है?’

[dgv_vimeo_video id=”796532238″]

[dgv_vimeo_video id=”796532361″]

Manisha Kumari Pandey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता जनकल्याण का माध्यम है। एक पत्रकार का काम नई जानकारी को उजागर करना और उस जानकारी को एक संदर्भ में रखना है। ताकि उस जानकारी का इस्तेमाल मानव की स्थिति को सुधारने में हो सकें। देश और दुनिया धीरे–धीरे बदल रही है। आधुनिक जनसंपर्क का विस्तार भी हो रहा है। लेकिन एक पत्रकार का किरदार वैसा ही जैसे आजादी के पहले था। समाज के मुद्दों को समाज तक पहुंचाना। स्वयं के लाभ को न देख सेवा को प्राथमिकता देना यही पत्रकारिता है। अच्छी पत्रकारिता बेहतर दुनिया बनाने की क्षमता रखती है। इसलिए भारतीय संविधान में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ बताया गया है। हेनरी ल्यूस ने कहा है, " प्रकाशन एक व्यवसाय है, लेकिन पत्रकारिता कभी व्यवसाय नहीं थी और आज भी नहीं है और न ही यह कोई पेशा है।" पत्रकारिता समाजसेवा है और मुझे गर्व है कि "मैं एक पत्रकार हूं।" View all posts by Manisha Kumari Pandey →
Follow Us :GoogleNews