
Leopard spotted in village Podi of Umaria district
Shahdol News : मध्य प्रदेश के शहडोल से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया, जहां जंगल से रिहायशी इलाके में घूम रहा एक तेंदुआ कुत्तों का पीछा करते हुए एक ग्रामीण के घर के अंदर जा घुसा। इससे आसपास के इलाके में भी हड़कंप मच गया। ग्रामीण की ने सूझ-बुझ से उस कमरे का दरवाजा बंद कर दिया गया। साथ ही मामले की जानकारी वन विभाग और पुलिस को दी गई। वहीं, मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम तेंदुए का रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ दिया है।
दरअसल, घटना जयसिंहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव साकिन ढोलर का है। जब एक तेंदुए के खौफ से पूरा परिवार डर गया। तेंदुए के घर में घुसने की खबर आसपास के गांव में आग की तरह फैल गई। दूर-दूर से लोग इस नजारे को देखने के लिए एकत्रित हो गए। कई घंटों तक गांव में तनाव का माहौल बना रहा।
कमरे में घुसा तेंदुआ
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, तेंदुआ कुत्तों का पीछा करते-करते घर में जा घुसा। उस वक्त परिवार के लोग आराम कर रहे थे। खूंखार तेंदुए को देख परिजनों के होश उड़ गए। तेंदुए ने घर की एक कमरे में कब्जा कर लिया। हालांकि, परिवार के सदस्यों ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए को उसी कमरे में कैद कर लिया।
वन विभाग ने किया रेस्क्यू
सूचना मिलते ही वनमण्डलाधिकारी उत्तर शहडोल द्वारा क्षेत्र संचालक बाधवगढ़ टाईगर रिजर्व उमरिया और क्षेत्र संचालक संजय गांधी नेशनल पार्क दूरभाष पर सम्पर्क स्थापित कर रेस्क्यू दल बुलाया गया। इसके बाद तेंदुए को रेस्क्यू दल और चिकित्सक की उपस्थिति में घर से बाहर निकालने के लिए घर में पीछे की ओर दीवार पर छेद किया गया, जिससे तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाल जा सकता और डॉक्टरी परीक्षण कर उसे वापस जंगल छोड़ दिया गया।
सावधान रहने की अपील
वहीं, वनमण्डलाधिकारी उत्तर शहडोल श्रद्धा पन्द्रे ने लोगों से अपील की है कि कोई भी वन्यप्राणी गांव के आस-पास दिखे तो घबराए नहीं, ना ही उसके साथ छेड़खानी करे, बल्कि बिना पैनिक हुए माहौल को शांत बनाएं रखे। वह अपने आप विचरण करते हुए वन क्षेत्र की ओर चला जाएगा। साथ ही सभी को सावधान और सतर्क रहने की भी सलाह दी है।
राहुल सिंह राणा, शहडोल
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

