
Shahdol News : मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में काफी दिनों से भारी बारिश का दौर जारी है। जिस कारण नदी, नाले उफान पर है। लोगों के घरों में पानी घुसने का कारण जनजीवन अस्त- व्यस्त हो चुका है। कई गांवों के जिला मुख्यालय से संपर्क टूट चुके हैं। बहुत से गांव में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो चुकी है, जहां पर प्रशासन द्वारा हाई अलर्ट भी जारी किया जा चुका है। भारी बारिश का असर लोगों के घर गृहस्ती पर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। घरों में पानी घुस जाने के कारण लोगों का जीवन ठप हो चुका है। इसके बावजूद नगर पालिका की लापरवाही के कारण शहरवासियों को पानी की दिक्कत हो रही है।
डैम के टूटे 7 पिलर
दरअसल, बरसात के कारण बीते दिनों सरफा डैम के 7 पिलर टूट गए थे, जिससे डैम का पानी तेजी से खत्म हो गया, तो वहीं अब चारों ओर गंदगी का अंबार नजर आ रहा है। जिसकी काफी दिनों से सफाई नहीं की गई थी। इस कारण जो गंदगी पानी के अंदर थी, अब वह साफ-साफ नजर आने लगी है। बता दें कि शहडोल में पानी की सप्लाई मुख्य रूप से सरफा डैम से ही की जाती है, लेकिन डैम के बिगड़े हालात के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। डैम में जितना न्यूनतम पानी रहना चाहिए वह भी खत्म हो चुका है।
गहराया जल संकट
हालात देखकर यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि आने वाले दिनों में जल संकट गहराने वाला है। इस बात को लगभग 20 दिन से ज्यादा हो चुके हैं, फिर भी ना तो नगर पालिका और ना ही जिला प्रशासन ध्यान दे रही है। आलम यह है कि नगर के कई वार्डों में टैकरों के माध्यम से पानी की सप्लाई की जा रही है। हालांकि, यह कोई स्थाई समाधान नहीं है। यदि इस समस्या का जल्द ही हल ना निकाला गया, तो जल संकट और भी गहरा हो सकता है।
[dgv_vimeo_video id=”1009549980″]
राहुल सिंह राणा, शहडोल
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

