
Shahdol News : मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक खबर सामने आई है, जहां सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले शिक्षक द्वारा छात्र को थप्पड़ मारना काफी महंगा पड़ गया। इस घटना के बाद छात्रा ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। वहीं, पिता ने छात्रा को थाना ले जाकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मारपीट की धारा 115, 351 (3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
ब्योहारी थाना क्षेत्र का मामला
दरअसल, मामला ब्योहारी थाना क्षेत्र के जमोडी गांव का है। जब चौथी क्लास में पढ़ने वाली 9 वर्षीय छात्रा प्रतिदिन की तरह स्कूल गई, जहां वह कक्षा से बिना शिक्षक को बताए बाहर चली गई, जब वह वापस कक्षा में लौटी तो शिक्षक राम रसीले पनिका उससे काफी नाराज हो गए और गुस्से में उसे जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद घर आकर छात्रा ने घटना की पूरी जानकारी अपने परिजनों को दी। वहीं, परिजनों का कहना है कि थाने में शिकायत के साथ-साथ उन्होंने इसकी जानकारी शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भी दी थी।
जांच जारी
वहीं, मामले की जांच-पड़ताल के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारी छात्रा से मिलने पहुंचे और उसका इलाज सिविल अस्पताल में करवाया। थाना प्रभारी अरुण पाण्डेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। छात्रा के अनुसार, उसका पेट खराब होने की वजह से वह कक्षा से बाहर गई थी और जैसे ही वह वापस कक्षा में आई शिक्षक ने उसे थप्पड़ मार दिया।
राहुल सिंह राणा, शहडोल
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

