भ्रष्टाचार पर लगातार सख्त एक्शन के बावजूद शासकीय कर्मचारी रिश्वत लेने से बाज नहीं आ रहे उन्हें अपनी नौकरी को दांव पर लगाने का भी भय नहीं है, ऐसे ही एक रिश्वतखोर प्रभारी राजस्व निरीक्षक को ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने शिवपुरी में रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है।
लोकायुक्त एसपी ग्वालियर निरंजन शर्मा से मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम मचाकला देवरी खुर्द तहसील पोहरी जिला शिवपुरी निवासी किसान ब्रकभान धाकड़ ने पिछले दिनों 24 मार्च को एक शिकायती आवेदन कार्यालय में दिया था जिसमें प्रभारी राजस्व निरीक्षक पर रिश्वत मांगने के आरोप लगाये थे।
ये भी पढ़ें
शिकायतकर्ता किसान ने आवेदन में बताया कि उसे अपनी जमीन के नक़्शे में कुछ सुधार करवाना है जिसका आवेदन उसने तहसील कार्यालय में दिया है, वहां पदस्थ प्रभारी राजस्व निरीक्षक देवेन्द्र जैन जमीन का नक्शा सुधार करने की एवज में 5000/- रुपए की रिश्वत मांग रहे है।
शिकायत में आवेदक ने बताया कि वो उससे आवेदन के साथ ही 1 हजार रुपये ले चुके हैं, आवेदन मिलते ही इसका सत्यापन किया गया, सत्यापन के दौरान भी प्रभारी राजस्व निरीक्षक देवेंद्र जैन ने किसान ब्रकभान धाकड़ से 1 हजार रुपये और ले लिए और सौदा 4 हजार रुपये में तय हो गया।
घर के पास रिश्वत देने बुलाया
दोनों के बीच शेष 2 हजार रुपये आज 27 मार्च को देना तय हुआ, सत्यापन के बाद लोकायुक्त पुलिस ग्वालियर का ट्रैप दल गठित किया गया और टीम आज प्रभारी राजस्व निरीक्षक के बताये पते मेला ग्राउंड के सामने सिद्धेश्वर कॉलोनी शिवपुरी, स्थित उसके घर पहुंचे।
रिश्वत की राशि हाथ में आते ही लोकायुक्त पुलिस ने पकड़ा
किसान ब्रकभान धाकड़ ने देवेन्द्र जैन को बुलाया और उसके आते ही रिश्वत की राशि 2 हजार रुपये उसे दे दी , रिश्वत की राशि हाथ में आते ही आसपास छिपी लोकायुक्त पुलिस की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया और रिश्वत में ली गई राशि जब्त कर ली। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर प्रकरण जाँच में ले लिया गया है।