शिवपुरी में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। दरअसल, दीपावली को देखते हुए पूरे शहर की यातायात व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। इसी के चलते कलेक्टर अर्पित वर्मा एक बार फिर यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के लिए गश्त पर निकले।
कलेक्टर की इस गश्त के दौरान उनके साथ पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया भी मौजूद थी। पुलिस अधिकारियों ने कोर्ट रोड, माधव चौक, गांधी चौक क्षेत्र का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों को दुकानों के बाहर अतिक्रमण न करने को कहा गया।
अतिक्रमण ना करने की चेतावनी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दुकानदारों को दुकान के बाहर अतिक्रमण न करने के निर्देश दिए हैं। जिन दुकानदारों ने सड़क पर स्टॉल और अन्य सामान रखे हुए थे उन्हें हटाया गया। इसके अलावा वाहन पार्किंग की व्यवस्था को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए गए। ताकि जाम की स्थिति ना बने और आने जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
व्यवस्थित हो रहा यातायात
पिछले कुछ दिनों से शिवपुरी में लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। कोर्ट रोड पर हाथ ठेले लगाने पर रोक है। इस वजह से सड़क खुली और व्यवस्थित दिखाई दे रही है। कलेक्टर में प्रशासनिक अधिकारियों को यातायात और पार्किंग व्यवस्था पहले से ही ठीक करने के निर्देश दे दिए हैं क्योंकि आने वाले दिनों में दीपावली की वजह से बाजार में भीड़ बढ़ेगी। जो लोग सड़क पर अतिक्रमण कर रहे हैं। उन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है ताकि यातायात बाधित न हो।






