MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

शिवपुरी में जिंदा महिला सरकारी रिकॉर्ड में मृत, राशन कार्ड में नाम जुड़वाने पर खुला राज, पति संग लगा रही दफ्तरों के चक्कर

शिवपुरी में जीवित महिला को मृत घोषित करने की जानकारी सामने आई है। सरकारी रिकॉर्ड में हुई इस त्रुटि का खामियाजा महिला और उसके परिवार को भुगतना पड़ रहा है।
Shivpuri

मध्य प्रदेश के शिवपुरी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक जीवित महिला को दस्तावेजों में मृत घोषित कर दिया गया। अब महिला अपने पति और छोटे बच्चे के साथ खुद को जिंदा साबित करने के लिए दफ्तरों के चक्कर लगा रही है। इस वजह से उन्हें काफी परेशानी हो रही है।

यह पूरा मामला शिवपुरी जिले की बैराड़ तहसील के जरियाकला गांव का है। यहां रहने वाले भारत जाटव अपनी पत्नी को सरकारी दस्तावेजों में दोबारा जिंदा दर्ज कराने के लिए दरफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं। सरकारी रिकॉर्ड में उनकी पत्नी को मृत घोषित कर दिया गया है जिसकी वजह से परिवार के राशन कार्ड में उनका नाम नहीं जुड़ पा रहा है।

राशन कार्ड बनवाने के दौरान हुआ खुलासा

भारत जाटव ने बताया कि 5 साल पहले उनकी शादी शुक्रवती से हुई थी। शादी के कुछ साल बाद तक उनका नाम उनके मायके दुल्हारा गांव के राशन कार्ड में ही दर्ज रहा। जब वह पत्नी का नाम जरियाकला पंचायत में अपने परिवार राशन कार्ड में जुड़वाने पहुंचे। तब यह खुलासा हुआ कि शुक्रवती को मृत घोषित कर दिया गया है।

सरकारी दस्तावेज में महिला मृत

राशन कार्ड में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया के दौरान जब रिकॉर्ड की जांच की गई तब दस्तावेजों में महिला के मृत होने की जानकारी सामने आई। भारत का कहना है कि खाद्यान्न पर्ची और समग्र आईडी को जोड़ने की प्रक्रिया के दौरान उनका नाम हटाया गया था। इस दौरान गलती से उन्हें मृत दर्ज कर दिया गया है। इस वजह से आधार कार्ड और समग्र आईडी के रिकॉर्ड में भी परेशानी आ रही है।

नहीं मिल रहा समाधान

दंपति का कहना है कि जीवित होने के बाद भी सरकारी रिकॉर्ड में मृत दर्ज होने के वजह से कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार संबंधित कार्यालय में जाकर आवेदन देकर रिकॉर्ड सही करने का प्रयास कर रहे हैं। तहसील से लेकर जनपद पंचायत और थाने तक के चक्कर लगा चुके हैं। लेकिन इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं मिल रहा है।

पंचायत का क्या कहना

इस मामले में दुल्हारा पंचायत सचिव मलखान सिंह बघेल का कहना है कि जब खाद्यान्न पर्ची और समग्र आईडी जोड़ने का अभियान चल रहा था। उसे समय गांव से बाहर रहने वाले लोगों, शादी के बाद दूसरे स्थान पर गई महिलाओं और मृत लोगों के नाम हटाए गए थे। इसी प्रक्रिया में शुक्रवती का नाम गलती से मृत दर्ज कर दिया गया है। सचिव ने यह भी कहा है कि जानकारी मिलने के बाद आईडी रिकवर कर ली गई है। जल्द ही महिला का नाम जरियाकला पंचायत में राशन कार्ड में जोड़ने की प्रक्रिया की जाएगी।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews
शिवपुरी में जिंदा महिला सरकारी रिकॉर्ड में मृत, राशन कार्ड में नाम जुड़वाने पर खुला राज, पति संग लगा रही दफ्तरों के चक्कर