
शिवपुरी में पुलिया धंसने का मामला सामने आया है। इस वजह से पुलिया से गुजर रहे ट्रैक्टर का अगला पहिया फंस गया। इस हादसे में चालक बाल बाल बच गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया का निर्माण सही तरीके से नहीं किया गया है।
पुलिया उस समय धंसी जब शनिवार की रात एक ट्रैक्टर यहां से गुजर रहा था। गनीमत रही कि ट्रैक्टर चालक शिशुपाल को किसी तरह की चोट नहीं आई। वो बाल बाल बच गए। ग्रामीणों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक यह पुलिया 3 से 4 साल पहले ही बनाई गई है।
बाल बाल बचा ड्राइवर
घटना से जुड़ी जो जानकारी सामने आ रही है। उसके मुताबिक ये घटना कोलारस जनपद के से गांव की है। यहां हरपुर गांव के रहने वाले शिशुपाल धाकड़ अपने खेत से मक्का का काम खत्म कर ट्रैक्टर से वापस लौट रहे थे। इस दौरान आदिवासी बस्ती की तरफ जाने वाले रास्ते पर बनी पुलिया का एक हिस्सा अचानक धंस गया। इससे ट्रैक्टर का पहिया पुलिया में फंस गया। जिस वजह से ट्रैक्टर आगे नहीं बढ़ पाया।
ग्रामीणों ने गुणवत्ता पर उठाए सवाल
जब ये हादसा हुआ तो ट्रैक्टर चालक बुरी तरह से घबरा गया। हालांकि, कोई बड़ा हादसा होने से टल गया। उसने तत्काल ग्रामीणों को इस बारे में सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर को धंसी हुई पुलिया से बाहर निकाला गया। ग्रामीणों का कहना है कि इसका निर्माण 3 से 4 साल पहले किया गया था। ट्रैक्टर के वजन की वजह से ये धंस गई है। ऐसे में निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित विभाग को पुलिया की जांच कर इसकी मरम्मत करनी चाहिए। भविष्य में इस तरह की घटना न हो इसलिए पुलिया की गुणवत्ता सुधारने की मांग की जा रही है।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

