
Tea Seller’s Extravagant Celebration : शिवपुरी का मुरारी चायवाला अब फेमस है। अखबारों में, टीवी पर, सोशल मीडिया में उसकी तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं। इसकी वजह है वो मोपेड जो उसने ख़रीदी है। लेकिन भला मोपेड खरीदने और फेमस होने के बीच क्या संबंध हो सकता है। तो जब कोई व्यक्ति बीस हज़ार डाउनपेमेंट करके 90 हज़ार की मोपेड खरीदे..और उसे घर तक लाने के लिए 60 हज़ार एक्स्ट्रा खर्च कर दे, तब चर्चा तो होगी।
आधुनिक जीवनशैली में दिखावे की प्रवृत्ति किस हद तक पहुंच सकती है, इसका ताज़ा उदाहरण शिवपुरी जिले में देखने को मिला, जहां मुरारी चाय वाले नाम से मशहूर एक युवक ने 20 हजार रुपये डाउनपेमेंट देकर मोपेड खरीदी। और इस मोपेड खरीदने की खुशी में उसने 60 हजार रुपये खर्च कर भव्य जुलूस निकाला, जिसमें डीजे, बैंड बाजा, ढोल-ताशे और यहां तक कि क्रेन का भी इंतजाम था।
‘बेटी की खुशी के लिए किया’
मुरारी चाय वाले ने बताया कि वह अपने बच्चों की खुशी के लिए यह सब करता हैं और ये मोपेड उन्होंने अपनी बेटी के लिए खरीती है। उन्होंने कहा कि “मेरे बच्चे खुश रहते हैं, तो मैं भी खुश रहता हूँ”। इस प्रकार 90 हजार रुपये की मोपेड को खरीदने के लिए मुरारी ने डाउनपेमेंट तो सिर्फ 20 हजार रुपये की, लेकिन इसके जश्न का खर्च तीन गुना अधिक था।
बिना अनुमति जुलूस पर कटा चालान
हालांकि, मुरारी के इस अनोखे जश्न में कानून का पालन नहीं किया गया था और इस कारण कार्रवाई भी हुई। बिना अनुमति के सड़क पर डीजे बजाने और जुलूस निकालने पर पुलिस ने डीजे को जब्त कर लिया। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, मुरारी ने इस जुलूस के लिए प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली थी जिससे सार्वजनिक व्यवस्था भंग हुई।
EMI पर मोबाइल खरीदने पर भी मचाया था धमाल
यह पहली बार नहीं है जब मुरारी चाय वाले ने ऐसे अंदाज़ में कुछ खरीदा हो। करीब तीन साल पहले उसने ईएमआई पर एक मोबाइल फोन खरीदा था और उसे घर तक ले जाने के लिए भी इसी तरह का जुलूस निकाला था। तब भी बैंड बाजा और डीजे की धुन पर नाचते-गाते उसने खूब सुर्खियां बटोरी थी और उसका वीडियो वायरल हो गया था।
[dgv_vimeo_video id=”1020487858″]
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

